बछगांव में शॉर्ट सर्किट से घर में लगी आग, लाखों का सामान जलकर राख

फिरोजाबाद। थाना नारखी क्षेत्र के गांव बछगांव में गुरुवार को विद्युत शॉर्ट सर्किट से एक घर में अचानक आग लग गई। आग की लपटों ने कुछ ही देर में घर को अपने आगोश में ले लिया और अंदर रखा सामान जलने लगा। आग से उठ रहे धुएं के गुबार दूर तक दिखाई देने लगे, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

बताया जाता है कि घटना के समय घर में कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं था। इसी दौरान पड़ोसियों ने घर से धुआं उठता देखा और तुरंत घर मालिक चंद्रप्रकाश पुत्र करण सिंह बघेल को सूचना दी। सूचना मिलते ही चंद्रप्रकाश मौके पर पहुंचे और पड़ोसियों के साथ मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया।

ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक घर में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो चुका था। गनीमत रही कि घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

घटना से परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। आग लगने का कारण विद्युत शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।