नागपुर मंडल का बड़ा जन-जागरण अभियान, 30 समपार फाटकों पर 2100 लोगों को किया गया जागरूक

नागपुर। रेल सुरक्षा को जन आंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल ने अंतर्राष्ट्रीय समपार जागरूकता सप्ताह के तहत व्यापक जन-जागरण अभियान चलाया। 6 से 9 जून के बीच मंडल के 30 समपार फाटकों पर आयोजित विशेष कार्यक्रमों के माध्यम से करीब 2100 सड़क उपयोगकर्ताओं को रेल सुरक्षा नियमों और सुरक्षित आवागमन के प्रति जागरूक किया गया।

भारतीय रेल द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित किए जाने वाले अंतर्राष्ट्रीय समपार जागरूकता सप्ताह का आयोजन इस वर्ष 6 जून से 12 जून 2026 तक किया जा रहा है। नागपुर मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य समपार फाटकों पर होने वाली दुर्घटनाओं को रोकना तथा सड़क उपयोगकर्ताओं में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

अभियान के दौरान संरक्षा, सुरक्षा, परिचालन और विद्युत विभागों की टीमों ने स्काउट एवं गाइड तथा सिविल डिफेंस स्वयंसेवकों के सहयोग से लोगों को समपार फाटकों पर बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी। जागरूकता कार्यक्रमों में बताया गया कि बंद समपार फाटक को किसी भी स्थिति में पार करने का प्रयास न करें तथा ट्रेन के आगमन और प्रस्थान के दौरान पूरी सतर्कता बरतें।

रेल अधिकारियों ने सड़क उपयोगकर्ताओं को रेलवे सुरक्षा नियमों के पालन, अनुशासित व्यवहार और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान जागरूकता सामग्री का वितरण भी किया गया और लोगों से सीधे संवाद स्थापित कर रेल सुरक्षा का संदेश पहुंचाया गया।

मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता ने कहा कि रेल संरक्षा केवल रेलवे की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की साझी जिम्मेदारी है। समपार फाटकों पर सतर्कता और नियमों का पालन ही दुर्घटनाओं को रोकने का सबसे प्रभावी उपाय है।

रेल प्रशासन का मानना है कि ऐसे सतत जागरूकता अभियानों से लोगों में सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होगी और समपार फाटकों पर होने वाली दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकेगी।