विश्व साइकिल दिवस पर नागपुर मंडल आरपीएफ की अनूठी पहल, निकाली जागरूकता साइकिल रैली

नागपुर। विश्व साइकिल दिवस-2026 और संडेज ऑन साइकिल अभियान के तहत दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल रेलवे सुरक्षा बल ने फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से व्यापक साइकिल रैली एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया।

मंडल सुरक्षा आयुक्त चेतन दिलीपराव जिचकार के निर्देशन में आयोजित इस अभियान में नागपुर मंडल मुख्यालय सहित विभिन्न आरपीएफ पोस्टों और चौकियों पर साइकिल रैलियां निकाली गईं। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को साइकिल के उपयोग के प्रति प्रेरित करना, पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना तथा बल सदस्यों में शारीरिक फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

नागपुर में एसईसीआरएसए ग्राउंड, मोतीबाग से साइकिल रैली का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मंडल सुरक्षा आयुक्त चेतन जिचकार की उपस्थिति में 13 अधिकारियों और 25 बल सदस्यों सहित कुल 38 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इसके अलावा गोंदिया, डोंगरगढ़, राजनांदगांव, भंडारा, नैनपुर, छिंदवाड़ा और नागभीड़ सहित विभिन्न आरपीएफ पोस्टों एवं चौकियों में भी साइकिल रैलियां और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में 27 अधिकारियों और 74 बल सदस्यों सहित कुल 101 प्रतिभागियों ने सहभागिता कर अभियान को सफल बनाया।

अधिकारियों ने बताया कि साइकिल एक सरल, किफायती और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन साधन है, जो कार्बन उत्सर्जन कम करने के साथ-साथ शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। नियमित साइकिल चलाने से हृदय स्वास्थ्य मजबूत होता है, मोटापा नियंत्रित रहता है और तनाव कम होता है।

नागपुर मंडल आरपीएफ का यह अभियान स्वस्थ भारत, स्वच्छ भारत और हरित भारत के संकल्प को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, फिटनेस और सतत विकास का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया तथा लोगों को दैनिक जीवन में साइकिल अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।