गोंदिया स्टेशन पर यात्रियों को मिली गर्मी से राहत, 500 लीटर जलजीरा का निःशुल्क वितरण

गोंदिया स्टेशन पर यात्रियों को मिली गर्मी से राहत, 500 लीटर जलजीरा का निःशुल्क वितरण

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल अंतर्गत गोंदिया रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा और सेवा भावना को समर्पित एक सराहनीय पहल के तहत 500 लीटर शीतल जलजीरा का निःशुल्क वितरण किया गया। यह आयोजन श्री किराना तेल व्यापारी संघ, गोंदिया के सौजन्य से प्लेटफॉर्म नंबर 3 एवं 4 पर किया गया।

गर्मी के मौसम में यात्रियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित इस सेवा कार्यक्रम में आने-जाने वाली ट्रेनों के यात्रियों, विशेषकर जनरल कोच में यात्रा करने वाले यात्रियों तथा प्लेटफॉर्म पर मौजूद लोगों को जलजीरा वितरित किया गया। बड़ी संख्या में यात्रियों ने इसका लाभ उठाया और आयोजन की सराहना करते हुए आयोजकों का आभार जताया।

इस अवसर पर नागपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता ने कहा कि रेलवे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ सामाजिक संगठनों के सहयोग से ऐसे जनहितकारी कार्यों को भी बढ़ावा देता है। उन्होंने इस पहल को यात्रियों के हित में एक सकारात्मक प्रयास बताया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक दिलीप सिंह ने श्री किराना तेल व्यापारी संघ, गोंदिया के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का धन्यवाद करते हुए कहा कि सामाजिक संगठनों का सहयोग यात्रियों की सुविधा और कल्याण के लिए हमेशा प्रेरणादायक रहा है।

रेल प्रशासन ने इस सेवा कार्य में योगदान देने वाले सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के आयोजन की उम्मीद जताई। गर्मी के बीच यात्रियों को शीतलता और राहत प्रदान करने वाला यह प्रयास लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।