कांगड़ा घाटी रेलवे पर बड़ा असर: विशेष ट्रेनें अगले आदेश तक रद्द, हर शुक्रवार नहीं चलेंगी यात्री रेल सेवाएं

जम्मू। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने हिमाचल प्रदेश स्थित कांगड़ा घाटी रेलवे खंड पर परिचालन संबंधी बाधाओं एवं आवश्यक रखरखाव कार्यों को देखते हुए रेल सेवाओं में महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। यात्रियों की सुरक्षा और रेल पटरियों के बेहतर रखरखाव को सुनिश्चित करने के लिए कुछ विशेष रेल सेवाओं को रद्द करने तथा साप्ताहिक रखरखाव दिवस लागू करने का निर्णय लिया गया है।

रेल प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, पठानकोट नूरपुर रोड पठानकोट के बीच संचालित विशेष नैरो गेज रेल सेवाएं, जिनमें ट्रेन संख्या 52462 और 52471 शामिल हैं, 10 जून 2026 से अगले आदेश तक पूर्णतः रद्द रहेंगी। इससे इस खंड पर यात्रा करने वाले यात्रियों को अपनी यात्रा योजनाओं में बदलाव करना पड़ सकता है।

इसके अलावा, कांगड़ा घाटी रेलवे खंड पर पटरियों, पुलों और अन्य तकनीकी संरचनाओं के नियमित एवं सुरक्षित रखरखाव के लिए 12 जून 2026 से प्रत्येक शुक्रवार को साप्ताहिक रखरखाव दिवस घोषित किया गया है। इस व्यवस्था के तहत हर शुक्रवार इस पूरे खंड पर सभी नैरो गेज यात्री ट्रेन सेवाएं निलंबित रहेंगी।

जम्मू मंडल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रेनों की स्थिति अवश्य जांच लें और अपनी यात्रा की योजना इन परिवर्तनों को ध्यान में रखते हुए बनाएं। ट्रेन संचालन संबंधी नवीनतम जानकारी के लिए यात्री रेलवे हेल्पलाइन 139, NTES ऐप अथवा रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट का उपयोग कर सकते हैं।

रेलवे ने इस अस्थायी असुविधा के लिए यात्रियों से खेद व्यक्त करते हुए कहा है कि यह कदम यात्रियों की सुरक्षा और कांगड़ा घाटी रेलवे की बेहतर परिचालन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।