विश्व पर्यावरण दिवस पर उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल में विशेष अभियान, आरपीएफ ने किया जागरूकता कार्यक्रम और पौधारोपण

पठानकोट। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल में पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक प्रदूषण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान रेलवे परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता, हरियाली और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।

पठानकोट जंक्शन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के इंस्पेक्टर भागीरथ नेहरा के नेतृत्व में जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान यात्रियों, रेलवे कर्मचारियों एवं आम नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व के बारे में जानकारी दी गई तथा उन्हें प्लास्टिक के उपयोग को कम करने और पर्यावरण के अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

इंस्पेक्टर भागीरथ नेहरा ने कहा कि बढ़ते प्लास्टिक प्रदूषण से पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि वह एकल-उपयोग प्लास्टिक से दूरी बनाए और स्वच्छ एवं हरित वातावरण के निर्माण में अपना योगदान दे।

कार्यक्रम के तहत रेलवे परिसर में अनेक पौधे भी लगाए गए। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल का संकल्प लिया।

इस अवसर पर रेलवे कर्मचारियों और आरपीएफ जवानों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। अभियान को यात्रियों और स्थानीय लोगों का भी सकारात्मक सहयोग प्राप्त हुआ।

विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित इस विशेष पहल ने पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के प्रति रेलवे की प्रतिबद्धता को दर्शाया तथा समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित किया।