पुल संख्या-32 के पुनर्निर्माण के बाद कांगड़ा नैरो गेज रेल सेवा बहाल, सांसदों एवं विधायक ने दिखाई हरी झंडी

जम्मू। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल के अंतर्गत हिमाचल प्रदेश स्थित ऐतिहासिक कांगड़ा नैरो गेज रेलखंड पर ट्रेन सेवाएं एक बार फिर शुरू हो गई हैं। चक्की नदी पर स्थित पुल संख्या-32 के सफल पुनर्निर्माण के बाद सोमवार को पठानकोट से जोगिंदर नगर तक नैरो गेज रेल सेवा का पुनः संचालन आरंभ किया गया।

इस अवसर पर सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर, लोकसभा सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज तथा विधायक पवन कुमार काजल ने कांगड़ा रेलवे स्टेशन से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में जम्मू मंडल के मंडल रेल प्रबंधक, उत्तर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, रेलवे कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

बाढ़ में बह गया था ऐतिहासिक पुल

अगस्त 2022 में हिमाचल प्रदेश में हुई भीषण वर्षा और बाढ़ के दौरान चक्की नदी पर स्थित ब्रिटिश कालीन पुल संख्या-32 बह गया था। इसके अलावा मानसून के दौरान हुए भूस्खलन से रेल ट्रैक को भी व्यापक क्षति पहुंची थी। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन को इस रेलखंड पर सेवाएं अस्थायी रूप से बंद करनी पड़ी थीं।

आधुनिक तकनीक से हुआ पुनर्निर्माण

रेलवे प्रशासन ने युद्धस्तर पर कार्य करते हुए आधुनिक तकनीक की सहायता से पुल संख्या-32 का पुनर्निर्माण कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया। पुल एवं ट्रैक के सभी सुरक्षा मानकों की गहन जांच और निरीक्षण के बाद यात्री सेवाओं को पुनः बहाल किया गया।

कार्यक्रम के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि कांगड़ा वैली नैरो गेज रेलवे हिमाचल प्रदेश की अमूल्य धरोहर है। पुल संख्या-32 के पुनर्निर्माण से यह रेलखंड अब पूरी तरह सुरक्षित हो गया है। इससे क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय व्यापार और अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।

जनप्रतिनिधियों ने रेलवे की सराहना की

इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने रेलवे प्रशासन द्वारा किए गए त्वरित और गुणवत्तापूर्ण कार्य की सराहना करते हुए कहा कि पुल संख्या-32 का पुनर्निर्माण कांगड़ा क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करता है। उन्होंने यात्रियों से इस सेवा का अधिकतम लाभ उठाने तथा रेल संपत्तियों की सुरक्षा में सहयोग करने की अपील की।

उल्लेखनीय है कि पठानकोट-जोगिंदर नगर रेलखंड पर पुल और ट्रैक पुनर्स्थापना का कार्य इंजीनियरिंग विभाग के वरिष्ठ मंडल अभियंता शुभम पवार के नेतृत्व में तेज गति से पूरा किया गया, जिसके परिणामस्वरूप लगभग चार वर्षों से प्रभावित रेल सेवा पुनः शुरू हो सकी। इस उपलब्धि से कांगड़ा घाटी के लोगों में खुशी का माहौल है और क्षेत्र के पर्यटन एवं व्यापार को भी नया संबल मिलने की उम्मीद है।

राघवेंद्र सिंह जनसंपर्क निरीक्षक, जम्मू मंडल