उत्तर पश्चिम रेलवे का ‘संडेज ऑन साइकिल’ अभियान सफल, साइक्लोथॉन और वॉकथॉन में उमड़ा जनसैलाब

जयपुर। स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने, शारीरिक सक्रियता के प्रति लोगों को प्रेरित करने तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा रविवार को जयपुर स्थित के.पी. सिंह स्टेडियम, गणपति नगर में ?संडेज ऑन साइकिल? अभियान के तहत भव्य साइक्लोथॉन एवं वॉकथॉन का आयोजन किया गया।

उत्तर पश्चिम रेलवे स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों, खिलाड़ियों, बच्चों तथा बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन फिट इंडिया मिशन के अंतर्गत किया गया, जिसका उद्देश्य लोगों को नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि "संडेज ऑन साइकिल" अभियान देशभर में स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इस अभियान से लाखों लोग जुड़ चुके हैं और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश समाज तक पहुंचा रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान साइक्लिंग और वॉकथॉन के अलावा योग, जुम्बा, रस्सीकूद तथा अन्य फिटनेस गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। प्रतिभागियों को नियमित शारीरिक गतिविधियों के महत्व, स्वास्थ्य लाभों तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने बताया कि साइकिल का उपयोग न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है, बल्कि यह ईंधन की बचत, प्रदूषण में कमी और हरित वातावरण के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान देता है। अभियान के माध्यम से सतत विकास और स्वच्छ पर्यावरण का संदेश भी प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए साइकिल के अधिकाधिक उपयोग का संदेश दिया। उत्तर पश्चिम रेलवे का यह प्रयास स्वास्थ्य, फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में एक सराहनीय पहल के रूप में देखा जा रहा है।