आईएमए अलीगढ़ का अनूठा संकल्प, अब सम्मेलनों एवं बैठकों में दिए जाएंगे गमले में रोपित पौधे

पर्यावरण संरक्षण एवं हरित जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया गया विशेष कार्यक्रम का आयोजन

अलीगढ़।विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (प्ड।) अलीगढ़ द्वारा आगरा रोड स्थित मयूर सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी चिकित्सकों एवं सदस्यों ने अस्पताल परिसर में पौधारोपण कर प्रकृति के संरक्षण तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ता प्रदूषण, ग्लोबल वार्मिंग एवं जलवायु परिवर्तन सम्पूर्ण मानवता के लिए गंभीर चुनौती बन चुके हैं। ऐसे समय में प्रत्येक व्यक्ति का यह दायित्व है कि वह पर्यावरण संरक्षण के लिए व्यक्तिगत एवं सामाजिक स्तर पर सार्थक प्रयास करे। चिकित्सक समाज न केवल लोगों के स्वास्थ्य की रक्षा करता है, बल्कि स्वस्थ एवं स्वच्छ पर्यावरण के प्रति जन-जागरूकता फैलाने की भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।कार्यक्रम के दौरान इंडियन मेडिकल एसोसिएशन अलीगढ़ के पदाधिकारियों द्वारा सभी उपस्थितजनों को उपहार स्वरूप गमले में रोपित पौधे भेंट किए गए। साथ ही सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि भविष्य में आयोजित होने वाले सभी सम्मेलनों, सीएमई, बैठकों एवं अन्य आयोजनों में स्मृति-चिह्न अथवा उपहार के रूप में केवल गमले में रोपित पौधे ही प्रदान किए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना तथा लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करना है।इस अवसर पर सभी सदस्यों ने यह भी संकल्प लिया कि प्रत्येक सदस्य प्रति माह अपने घर, बगीचे अथवा किसी सार्वजनिक उद्यान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएगा तथा उसके संरक्षण एवं संवर्धन का उत्तरदायित्व भी निभाएगा। उपस्थित चिकित्सकों ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण एवं संवर्धन भी उतना ही आवश्यक है। यदि प्रत्येक नागरिक नियमित रूप से वृक्षारोपण का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं हरित वातावरण उपलब्ध कराया जा सकता है।अलीगढ़ के अध्यक्ष डॉ. भरत कुमार वार्ष्णेय ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति अपने दायित्वों का स्मरण करने का अवसर है। उन्होंने सभी चिकित्सकों एवं नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन का स्वरूप देने तथा अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का आह्वान किया।इस अवसर पर प्ड। अलीगढ़ के अध्यक्ष डॉ. भरत कुमार वार्ष्णेय, सचिव डॉ. अभिषेक कुमार सिंह, वित्त सचिव डॉ. मयूर मणि, डॉ. विपिन गुप्ता,डॉ. सुवेक वार्ष्णेय, डॉ. तनमय शेखर, डॉ. मोनिका वार्ष्णेय, डॉ. आयुष कुमार, डॉ. राकेश भार्गव, डॉ. संजय तायल, डॉ. सुमोद वार्ष्णेय, डॉ. तरुण वार्ष्णेय, डॉ. वाई. के. द्विवेदी, डॉ आलोक कुलश्रेष्ठ सहित अनेक चिकित्सक एवं सदस्य उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति समाज को जागरूक करने तथा अपने दैनिक जीवन में पर्यावरण-अनुकूल आदतों को अपनाने का संकल्प लिया।