यमुना मैय्या का दुग्धाभिषेक कर हुआ पूजन, भक्तिभाव से मनाया गया छठ उत्सव

यमुना मैय्या का दुग्धाभिषेक कर हुआ पूजन, भक्तिभाव से मनाया गया छठ उत्सव

आगरा। पुरुषोत्तम मास के अवसर पर यमुना किनारा स्थित प्राचीन पुष्टिमार्गीय श्रीठाकुर मथुराधीश जी महाराज मंदिर में यमुना मैय्या के छठ उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। मंदिर परिसर और यमुना आरती स्थल पर ?श्री ठाकुर मथुराधीश जी महाराज? तथा ?यमुना मैय्या? के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं ने श्रीहरि की प्रिय सखी यमुना मैय्या का दुग्धाभिषेक कर विधि-विधान से पूजन एवं आरती की। इससे पूर्व मंदिर में संकीर्तन और भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें यमुना मैय्या एवं राधा-कृष्ण के भजनों ने श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। वातावरण ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो संपूर्ण ब्रजधाम का आनंद वहां उतर आया हो।

यमुना मैय्या भक्त बृज खंडेलवाल ने बताया कि वैष्णव परंपरा में श्री यमुना जी को भगवान श्रीकृष्ण की प्रिय सखी, प्रेम की प्रतीक एवं पुष्टिमार्ग में विशेष रूप से ईष्ट देवी के रूप में पूजा जाता है। पुष्टिमार्ग में श्री ठाकुरजी की सेवा से पूर्व यमुनाजी की कृपा को अनिवार्य माना गया है। उन्होंने कहा कि यमुनाजी केवल नदी नहीं, बल्कि कृष्ण प्रेम और भक्ति की सजीव धारा हैं।

उन्होंने बताया कि गर्ग संहिता सहित विभिन्न ग्रंथों में यमुना और गोवर्धन की महिमा का विशेष वर्णन मिलता है। पुष्टिमार्ग में यमुनाजी के 41 पद अत्यंत प्रसिद्ध हैं, जिनमें उनकी कृपा, प्रेम और महिमा का गुणगान किया गया है। मान्यता है कि यमुना स्नान, दर्शन और आराधना से भक्त को श्रीकृष्ण की भक्ति प्राप्त होती है।

इस अवसर पर मंदिर के महन्त नन्दन श्रोत्रिय, जुगल श्रोत्रिय, जगन प्रसाद तेरीया, रोहित गुप्ता, सुरेंद्र सिंह, अपला शर्मा, सूर्या श्रोत्रिय, चतुर्भुज तिवारी, राहुल राज, दीपक राजपूत, निधि पाठक, पद्मिनी ताजमहल, मीरा खंडेलवाल एवं बल्लभ अभिनव श्रोत्रिय सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।