भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ

सुमित गर्ग संवाददाता खेरागढ़,

खेरागढ़ क्षेत्र के ग्राम कुकण्डंई में बुधवार को श्रीमद्भागवत महापुराण कथा का शुभारंभ धार्मिक आस्था और भक्ति भाव के साथ हुआ। कथा प्रारंभ होने से पूर्व गांव में भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें महिलाओं, युवतियों एवं श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। सिर पर कलश धारण कर निकली महिलाओं की कतारों और भक्ति गीतों से पूरा गांव भक्तिमय वातावरण में डूबा नजर आया।

कलश यात्रा गांव के प्रमुख मार्गों से होकर निकली। जगह-जगह ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया तथा शरबत वितरित कर सेवा भाव का परिचय दिया। यात्रा के दौरान ?राधे-राधे? और ?जय श्री कृष्ण? के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।

कथा आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। भागवत कथा के परीक्षित सुनील कुमार लोधी राजपूत रहे, जबकि कथा वाचन का रसपान शास्त्री ब्रजेश्वरी जी द्वारा कराया जा रहा है। कथा के प्रथम दिवस श्रद्धालुओं ने कथा श्रवण कर धर्म लाभ प्राप्त किया। आयोजकों ने बताया कि कथा के दौरान प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।