नागपुर में 19वां रोजगार मेला 23 मई को, 315 युवाओं को मिलेंगे नियुक्ति पत्र

नागपुर। देश के युवाओं को रोजगार के अधिकाधिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से केंद्र सरकार द्वारा संचालित रोजगार मेला अभियान के तहत 19वां रोजगार मेला 23 मई 2026 (शनिवार) को देशभर के 47 शहरों में एक साथ आयोजित किया जाएगा।

इस कार्यक्रम का केंद्रीय शुभारंभ माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रातः 11:00 बजे किया जाएगा।

इसी क्रम में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल द्वारा इस रोजगार मेले का आयोजन नेशनल फायर सर्विस कॉलेज (एनएफएससी) के ऑडिटोरियम, पुलिस लाइन टाकली फीडर रोड, राजनगर, नागपुर में प्रातः 10:00 बजे से किया जाएगा।

इस अवसर पर रेलवे, डाक, रक्षा एवं स्वास्थ्य सहित विभिन्न केंद्रीय विभागों में चयनित कुल 315 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। यह पहल युवाओं को सरकारी सेवाओं में अवसर प्रदान करने के साथ-साथ उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

कार्यक्रम में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितीन गडकरी जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। उनके करकमलों से चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।

यह रोजगार मेला आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है, जो युवाओं को सशक्त बनाकर राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करेगा।