नागपुर मंडल की पहल: दिवंगत रेलकर्मी के परिजनों को रेलवे सैलरी पैकेज योजना के तहत मिला 1 करोड़ का चेक

नागपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल के सतत प्रयासों से सेवा के दौरान दिवंगत हुए रेलकर्मी के परिजनों को बड़ी आर्थिक सहायता प्रदान की गई। रेलवे सैलरी पैकेज योजना के अंतर्गत दिवंगत कर्मचारी के परिवार को 01 करोड़ रुपये की अनुग्रह बीमा राशि का चेक सौंपा गया।

मंडल के अंतर्गत वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (रेलपथ) कार्यालय, नैनपुर में दिनांक 16 मई 2026 को भारतीय स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, शाखा नैनपुर के प्रबंधक एवं एसबीआई क्षेत्रीय प्रबंधक द्वारा यह चेक औपचारिक रूप से प्रदान किया गया। यह चेक स्वर्गीय विनीत यादव (आत्मज राजेन्द्र प्रसाद यादव), पूर्व टी.एम.-III के परिजनों को दिया गया। स्वर्गीय विनीत यादव का निधन दिनांक 21 अक्टूबर 2025 को रेलवे सेवा कार्य के दौरान हो गया था।

इस अवसर पर कार्यालय प्रभारी सहित रेलपथ विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। दिवंगत रेलकर्मी के माता-पिता को यह चेक सम्मानपूर्वक सौंपते हुए संवेदना व्यक्त की गई।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि यह पूरी प्रक्रिया दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल के मार्गदर्शन एवं समन्वय से सफलतापूर्वक पूर्ण की गई, जिससे सभी आवश्यक औपचारिकताएं समयबद्ध रूप से पूरी हो सकीं और परिवार को शीघ्र सहायता मिल सकी।

इस महत्वपूर्ण कार्य में नागपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता की सतत निगरानी और प्रयासों की विशेष भूमिका रही।

रेल प्रशासन ने दिवंगत कर्मचारी के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि संकट की घड़ी में परिवार को हर संभव सहयोग और सहायता प्रदान की जाएगी।