विश्व पर्यावरण दिवस-2026: नागपुर मंडल में 19 से 22 मई तक विशेष स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन अभियान

नागपुर। विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के अवसर पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल द्वारा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में विशेष पहल की गई है। मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में 15 मई से 05 जून 2026 तक चल रहे कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत 19 से 22 मई 2026 तक मंडल में स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

रेल प्रशासन के अनुसार इस अभियान का मुख्य उद्देश्य रेलवे परिसरों को स्वच्छ, प्लास्टिक मुक्त एवं पर्यावरण अनुकूल बनाना है। साथ ही यात्रियों और कर्मचारियों में पर्यावरण संरक्षण तथा स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

अभियान के दौरान वाणिज्य, इंजीनियरिंग, यांत्रिक, स्वास्थ्य सहित अन्य विभागों की संयुक्त भागीदारी सुनिश्चित की गई है। रेलवे स्टेशनों पर प्लेटफार्मों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर गीले और सूखे कचरे का पृथक्करण कराया जा रहा है तथा यात्रियों को कचरा निर्धारित डस्टबिन में डालने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

रेलवे द्वारा यात्रियों को सिंगल यूज प्लास्टिक से बचने और पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। इसके अंतर्गत प्लास्टिक के उपयोग को कम करने और स्वच्छता बनाए रखने संबंधी संदेश भी प्रसारित किए जा रहे हैं।

रेल प्रशासन ने बताया कि गोंदिया, डोंगरगढ़ एवं राजनांदगांव स्टेशनों पर विशेष स्वच्छता अभियान एवं वेस्ट मैनेजमेंट ड्राइव चलाकर जनजागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की गईं। साथ ही रेलवे कर्मचारियों के लिए भी विशेष जागरूकता सत्रों का आयोजन किया गया, जिससे कार्यस्थलों पर स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन को प्रभावी बनाया जा सके।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता ने कहा कि स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण केवल विभागीय जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। ऐसे अभियानों के माध्यम से रेलवे को स्वच्छ एवं हरित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा रहा है।

नागपुर मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे अभियान में सक्रिय सहयोग करें तथा स्वच्छ, हरित और सुरक्षित वातावरण के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाएं।