संरक्षा के सजग प्रहरियों को डीआरएम दीपक कुमार गुप्ता ने किया सम्मानित

नागपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल में रेल परिचालन के दौरान संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता मानी जाती है। संरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से मंडल में सजगता एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रत्येक माह आयोजित संरक्षा बैठक के दौरान सम्मानित किया जाता है।

इसी क्रम में मंगलवार को नागपुर मंडल में आयोजित मासिक संरक्षा बैठक के दौरान मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता ने संरक्षा श्रेणी में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कर्मचारी को सम्मानित किया। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक राजेश चिखले, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी चेमस साहू, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता निखिलेश पवार सहित अन्य शाखाधिकारी भी उपस्थित रहे।

रेल प्रशासन के अनुसार इस माह संरक्षा कार्य में उत्कृष्ट योगदान के लिए श्रीकांत सुदर्शन वासनिक (टेक्नीशियन-I/कै.वै/कोराडी साइडिंग) को सम्मानित किया गया।

बताया गया कि दिनांक 23 फरवरी 2026 को कोराडी साइडिंग के लाइन नंबर-04 पर पोस्ट टिपलिंग परीक्षण के दौरान श्रीकांत वासनिक ने वैगन क्रमांक 24151910254 के टॉप बोल्स्टर में दरार देखी। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षा की दृष्टि से उक्त वैगन को तत्काल अलग कर दिया, जिससे संभावित दुर्घटना को टालने में मदद मिली।

मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता ने श्रीकांत वासनिक की सजगता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सतर्क कर्मचारी रेलवे की संरक्षा व्यवस्था की मजबूत कड़ी हैं। उन्होंने कर्मचारियों से अपील की कि वे इसी प्रकार सतर्क रहकर रेल परिचालन को सुरक्षित बनाने में अपना योगदान देते रहें।

रेलवे प्रशासन ने कहा कि संरक्षा जागरूकता और कर्मचारियों की तत्परता से ही दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है और यात्रियों को सुरक्षित यात्रा उपलब्ध कराई जा सकती है।