गोंदिया यार्ड में विशेष ब्लॉक, कई मेमू ट्रेनें रहेंगी रद्द

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के गोंदिया रेलवे स्टेशन यार्ड में अधोसंरचना उन्नयन कार्य के चलते 21 और 22 मई 2026 को विशेष ट्रैफिक एवं इंजीनियरिंग ब्लॉक लिया जाएगा। रेलवे प्रशासन द्वारा पॉइंट क्रमांक 111B/112A को 52 किलोग्राम रेल सेक्शन से 60 किलोग्राम रेल सेक्शन में परिवर्तित किया जाएगा, जिससे रेल परिचालन की सुरक्षा और गति में सुधार होगा।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार दोनों दिनों में कुल 8 घंटे 30 मिनट का ब्लॉक रहेगा। इसमें इंजीनियरिंग विभाग द्वारा स्विच नवीनीकरण और पॉइंट सेटिंग का कार्य किया जाएगा, जबकि सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग वायरिंग डिस्कनेक्शन, परीक्षण और अन्य तकनीकी कार्य करेगा। इसके अलावा विद्युत विभाग द्वारा ओएचई परीक्षण भी किया जाएगा।

कार्य के दौरान गोंदिया स्टेशन की लाइन नंबर 6 और 7 पर ट्रेनों का आगमन और प्रस्थान पूरी तरह बंद रहेगा। अप दिशा की ट्रेनों का लाइन नंबर 7, 8, 9 और 10 पर अप मेन लाइन से प्रवेश नहीं होगा। ओएचई परीक्षण के दौरान कुछ विद्युत रेलगाड़ियों की आवाजाही पर भी अस्थायी रोक रहेगी।

रेलवे प्रशासन ने बताया कि कार्य पूरा होने के बाद डाउन मेन लाइन पर ट्रेनों की गति बढ़ाकर 45 किलोमीटर प्रति घंटा की जा सकेगी, जिससे संचालन अधिक सुरक्षित और सुगम बनेगा।

ये मेमू ट्रेनें रहेंगी रद्द

68817 गोंदिया-गढ़ा मेमू पैसेंजर (21 एवं 22 मई)

68818 गढ़ा-गोंदिया मेमू पैसेंजर (21 एवं 22 मई)

68861 गोंदिया-झारसुगुड़ा मेमू पैसेंजर (21 एवं 22 मई)

68862 झारसुगुड़ा-गोंदिया मेमू पैसेंजर (22 एवं 23 मई)

68721 रायपुर-डोंगरगढ़ मेमू पैसेंजर (21 मई)

68723 डोंगरगढ़-गोंदिया मेमू पैसेंजर (21 मई)

68724 गोंदिया-दुर्ग मेमू पैसेंजर (22 मई)

रेल प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी प्राप्त करने की अपील की है। यात्रियों को होने वाली असुविधा के लिए रेलवे ने खेद व्यक्त किया है।