अप्रैल 2026 में नागपुर मंडल की शानदार उपलब्धि, टिकट जांच से 1.76 करोड़ की वसूली

अप्रैल 2026 में नागपुर मंडल की शानदार उपलब्धि, टिकट जांच से 1.76 करोड़ की वसूली

माल ढुलाई, यात्री आय, पार्सल लोडिंग और गैर-किराया राजस्व में भी उल्लेखनीय वृद्धि

नागपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल ने अप्रैल माह 2026 में यात्री यातायात, माल ढुलाई, पार्सल लोडिंग, गैर-किराया राजस्व एवं टिकट जांच के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। मंडल का यह प्रदर्शन यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने, ग्राहक संतुष्टि बढ़ाने और रेलवे की आय में निरंतर वृद्धि की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

मंडल से प्राप्त जानकारी के अनुसार अप्रैल 2026 में कुल माल ढुलाई 1.62 मिलियन टन रही, जिससे रेलवे को 164.11 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। वहीं पार्सल लोडिंग 2060 टन दर्ज की गई, जिससे 41.43 लाख रुपये की आय हुई।

यात्री यातायात के क्षेत्र में भी मंडल ने बेहतर प्रदर्शन किया। अप्रैल 2026 में 2.37 मिलियन यात्रियों ने यात्रा की, जिससे मंडल को 28.65 करोड़ रुपये की आय हुई। यह आंकड़ा अप्रैल 2025 की तुलना में यात्रियों की संख्या में 4.47 प्रतिशत तथा आय में 6.74 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।

इसके अलावा मंडल ने गैर-किराया राजस्व (एनएफआर) के अंतर्गत अप्रैल 2026 में 70.38 लाख रुपये की आय अर्जित की। वहीं कैटरिंग से 42.73 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।

टिकट जांच अभियान के तहत भी बड़ी कार्रवाई की गई। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक दिलीप सिंह के निर्देशन में विभिन्न ट्रेनों एवं स्टेशनों पर चलाए गए विशेष टिकट जांच अभियानों के दौरान बिना टिकट, अनियमित यात्रा एवं बिना बुकिंग लगेज के कुल 33,996 मामले दर्ज किए गए। इन मामलों में कुल 1.76 करोड़ रुपये की वसूली की गई।

अभियान के दौरान धूम्रपान के 91 मामलों में 18,200 रुपये तथा रेलवे परिसर में गंदगी फैलाने वाले 306 यात्रियों से 32,950 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार आगे भी यात्रियों की सुविधा, रेलवे की आय वृद्धि तथा अनुशासन बनाए रखने के लिए इस प्रकार के अभियान लगातार जारी रहेंगे।