केंद्रीय चिकित्सालय, बिलासपुर में आधुनिक रसोई परिसर एवं नवीन पंजीकरण/स्वागत कक्ष का शुभारंभ

केंद्रीय चिकित्सालय, बिलासपुर में आधुनिक रसोई परिसर एवं नवीन पंजीकरण/स्वागत कक्ष का शुभारंभ

मरीजों को मिलेगा बेहतर भोजन, सुव्यवस्थित पंजीकरण व अधिक सुविधाजनक स्वास्थ्य वातावरण

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के केंद्रीय चिकित्सालय, बिलासपुर में मरीजों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए नवनिर्मित आधुनिक रसोई परिसर (रिनोवेटेड किचन कॉम्प्लेक्स) एवं ओपीडी कॉम्प्लेक्स के नवीन पंजीकरण/स्वागत कक्ष का शुभारंभ किया गया। उद्घाटन दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे महिला कल्याण संगठन (सेक्रो) की अध्यक्षा श्रीमती मीनाक्षी शर्मा ने विधिवत फीता काटकर किया।

इस अवसर पर मीनाक्षी शर्मा ने कहा कि रेलवे प्रशासन की प्राथमिकता केवल उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि मरीजों एवं उनके परिजनों को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक वातावरण प्रदान करना भी है। उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं के विकास से अस्पताल की कार्यप्रणाली अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनेगी और मरीजों को बेहतर उपचार वातावरण मिलेगा।

अस्पताल में नवनिर्मित रसोई परिसर को आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित किया गया है, जिसमें स्वच्छता मानकों एवं सुरक्षित खाद्य प्रबंधन व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया है। इससे भर्ती मरीजों को गुणवत्तापूर्ण, पौष्टिक एवं स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराया जा सकेगा।

वहीं ओपीडी कॉम्प्लेक्स में स्थापित नवीन पंजीकरण/स्वागत कक्ष शुरू होने से मरीजों को पंजीकरण, मार्गदर्शन तथा आवश्यक जानकारी प्राप्त करने में सुविधा होगी। इससे ओपीडी सेवाओं में सुव्यवस्था बढ़ेगी, कार्यकुशलता में सुधार होगा और मरीजों की प्रतीक्षा अवधि कम होने की संभावना है।

उद्घाटन कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्सक, अस्पताल कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे केंद्रीय चिकित्सालय की स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुदृढ़ एवं जनोन्मुखी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।