उत्तर पश्चिम रेलवे की क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति की 22वीं बैठक आयोजित

उत्तर पश्चिम रेलवे की क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति की 22वीं बैठक आयोजित

सांसदों-विधायकों सहित सदस्यों ने यात्री सुविधाओं के विस्तार को लेकर रखे अहम सुझाव

जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे की क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति की 22वीं बैठक बुधवार को जयपुर स्थित ?मिलन? सामुदायिक भवन, जगतपुरा में आयोजित की गई। बैठक में रेल यात्रियों की सुविधाओं को और बेहतर बनाने, स्टेशन विकास, नई ट्रेनों के संचालन तथा रेल सेवाओं के विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में महिमा कुमारी मेवाड़ (सांसद, राजसमंद), मंजू शर्मा (सांसद, जयपुर), राव राजेंद्र सिंह (सांसद, जयपुर ग्रामीण) तथा विश्वनाथ मेघवाल (विधायक, खाजूवाला-बीकानेर) मौजूद रहे। इसके साथ ही राजस्थान सरकार की प्रतिनिधि दीप्ति कछवाहा (अतिरिक्त संभागीय आयुक्त, जयपुर) समेत समिति के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे। बैठक में उत्तर पश्चिम रेलवे क्षेत्र से जुड़े संगठनों, चैम्बर ऑफ कॉमर्स, रेल यात्री संगठनों और उपभोक्ता संरक्षण संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष एवं उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ ने सभी सदस्यों का स्वागत किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि रेलवे द्वारा आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए पूरी क्षमता से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने रेलमार्ग विद्युतीकरण, माल लदान, समय पालन, रेल संरक्षा, यात्री सुविधाएं, शिकायत निवारण तथा स्टेशनों के रि-डेवलपमेंट कार्यों की प्रगति की जानकारी भी दी।

बैठक में उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा हाल के वर्षों में किए गए कार्यों, यात्री सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों, निर्माण परियोजनाओं तथा उपलब्धियों पर श्री शशांक (सचिव-क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति एवं उपमहाप्रबंधक-सामान्य) ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जानकारी दी।

वंदे भारत को दिल्ली तक चलाने का सुझाव

बैठक में सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा यात्री सुविधाओं के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उदयपुर सिटी-जयपुर वंदे भारत एक्सप्रेस को दिल्ली तक संचालित करने का सुझाव रखा।

जयपुर स्टेशनों पर ?सरस? बूथ की मांग

सांसद मंजू शर्मा ने जयपुर रेलवे स्टेशन और गांधीनगर जयपुर स्टेशन पर विकसित की जा रही विश्वस्तरीय सुविधाओं की प्रशंसा करते हुए सुझाव दिया कि जयपुर के सभी रेलवे स्टेशनों पर एक-एक ?सरस? बूथ स्थापित किया जाए, ताकि यात्रियों को स्थानीय उत्पाद और गुणवत्ता सामग्री उपलब्ध हो सके।

नई ट्रेनें, ठहराव और यात्री सुविधाओं पर जोर

बैठक में सांसद राव राजेंद्र सिंह एवं विधायक विश्वनाथ मेघवाल ने नई ट्रेनों के संचालन, फेरों में बढ़ोतरी, ट्रेनों के ठहराव, समय-सारणी में सुधार, स्टेशन सफाई व्यवस्था, फुट ओवर ब्रिज, लिफ्ट-एस्केलेटर, वृद्ध एवं दिव्यांग यात्रियों के लिए सुविधाएं, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और प्रतीक्षालय सुविधाओं पर अपने सुझाव प्रस्तुत किए।

इसके अलावा समिति के अन्य सदस्यों ने भी अपने क्षेत्रों की यात्री आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए नई रेल लाइन, वंदे भारत व अन्य ट्रेनों का विस्तार, समय पालन सुधार, स्टेशन विकास और यात्री सुविधा विस्तार को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

बैठक के अंत में समिति सदस्यों ने आयोजन और यात्री हित में किए गए विचार-विमर्श के लिए रेलवे प्रशासन का आभार जताते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

अधिकारी भी रहे उपस्थित

बैठक में अशोक माहेश्वरी (अपर महाप्रबंधक), मदन राम देवड़ा (प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक), सीमा शर्मा (प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक), बृजमोहन मीना (प्रमुख मुख्य बिजली इंजीनियर), अनुराग गोयल (प्रमुख मुख्य संकेत एवं दूरसंचार इंजीनियर), ज्योति कुमार सतीजा (प्रमुख मुख्य संरक्षा आयुक्त) सहित अन्य विभागाध्यक्ष एवं प्रधान कार्यालय के अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही पी. के. मलिक (उप सचिव) भी बैठक में शामिल रहे।