जालोर को मिलेगी नई रेल सौगात, 22 मई को अश्विनी वैष्णव दिखाएंगे भुज-दिल्ली रेल सेवा को हरी झंडी

जालोर को मिलेगी नई रेल सौगात, 22 मई को अश्विनी वैष्णव दिखाएंगे भुज-दिल्ली रेल सेवा को हरी झंडी

पहली बार जालोर का राजधानी से होगा सीधा रेल संपर्क

जालोर। जालोर सहित पूरे क्षेत्र के लिए रेल सुविधाओं के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक कदम उठाया जा रहा है। माननीय रेल, सूचना एवं प्रसारण, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव आगामी 22 मई 2026 को जालोर से भुज-दिल्ली (वाया भीलडी-जालोर-पाली मारवाड़-मारवाड़ जं.) उद्घाटन स्पेशल रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

इस कार्यक्रम में जालोर सांसद लूंबाराम सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

रेलवे प्रशासन के अनुसार यह नई रेल सेवा जालोर जिले के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि इससे जालोर का पहली बार देश की राजधानी दिल्ली से सीधा रेल संपर्क स्थापित होगा। इससे यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में बड़ी राहत मिलेगी और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

इन प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव

भुज से दिल्ली के बीच संचालित होने वाली इस नई रेल सेवा का ठहराव अंजार, गांधीधाम, भचाऊ, भीलडी, धनेरा, रानीवाड़ा, मारवाड़ भीनमाल, मोदरान, जालोर, मोकलसर, समदड़ी, लूनी, पाली मारवाड़, मारवाड़ जं., ब्यावर, अजमेर, किशनगढ़, जयपुर, गांधीनगर जयपुर, बांदीकुई, अलवर और रेवाड़ी सहित कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर होगा।

इससे गुजरात, राजस्थान और दिल्ली के बीच यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को सीधा और सुविधाजनक विकल्प मिलेगा।

विकास और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह नई रेल सेवा पश्चिमी भारत और उत्तर भारत के बीच मजबूत संपर्क स्थापित करेगी। इससे व्यापार, रोजगार, शिक्षा, चिकित्सा और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही जालोर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को दिल्ली सहित बड़े शहरों तक पहुंचने में अब ज्यादा सुविधा होगी।

रेल प्रशासन ने इसे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह सेवा जालोर को राष्ट्रीय रेल मानचित्र पर और अधिक मजबूती से जोड़ने का कार्य करेगी।