रेल प्रशासन ने कई विशेष ट्रेनों के ठहराव व संरचना में किया संशोधन

रेल प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूर्व में घोषित कई विशेष ट्रेनों के ठहराव स्टेशनों एवं गाड़ी संरचना में संशोधन किया गया है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार विशाखापट्टनम से दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन, फरीदाबाद एवं नई दिल्ली के लिए चलने वाली विशेष ट्रेनों के ठहराव स्टेशन तथा समय सारिणी में बदलाव किया गया है। इसके साथ ही इन ट्रेनों में कोच संरचना भी तय की गई है, ताकि यात्रियों को अधिक सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराई जा सके।रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार गाड़ी संख्या 08511/08512 विशाखापट्टनम-दिल्ली-विशाखापट्टनम विशेष ट्रेन 22 मई 2026 को विशाखापट्टनम से प्रस्थान करेगी और 23 मई को दिल्ली पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन 25 मई को दिल्ली से प्रस्थान कर 26 मई को विशाखापट्टनम पहुंचेगी। यह ट्रेन बहरामपुर, खुर्दा रोड, भुवनेश्वर, जाखापुरा, जाजपुर के रोड, भद्रक, रूपसा, हिजली, आद्रा, गोमोह, कोडरमा, गया, पं. दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज और गोविंदपुरी सहित कई स्टेशनों पर ठहराव करेगी।इसी प्रकार गाड़ी संख्या 08513/08514 विशाखापट्टनम-हजरत निजामुद्दीन-विशाखापट्टनम विशेष ट्रेन 21 मई 2026 को विशाखापट्टनम से रवाना होकर 23 मई को हजरत निजामुद्दीन पहुंचेगी तथा वापसी में 24 मई को निजामुद्दीन से चलकर 26 मई को विशाखापट्टनम पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव दुव्वाडा, अन्नकापल्ले, तुनी, राजमुंदरी, विजयवाड़ा, बल्लारशाह, नागपुर, रानी कमलापति, झांसी जंक्शन और आगरा कैंट पर रहेगा।रेल प्रशासन ने गाड़ी संख्या 08515/08516 विशाखापट्टनम-फरीदाबाद-विशाखापट्टनम विशेष ट्रेन के ठहराव एवं समय में भी संशोधन किया है। यह ट्रेन 21 मई 2026 को विशाखापट्टनम से प्रस्थान कर 23 मई को फरीदाबाद पहुंचेगी और वापसी में 25 मई को फरीदाबाद से चलकर 27 मई को विशाखापट्टनम पहुंचेगी। यह ट्रेन आर्कू, कोरापुट, रायपुर, दुर्ग, नागपुर, रानी कमलापति, झांसी और आगरा कैंट जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी।इसके अलावा गाड़ी संख्या 08517/08518 विशाखापट्टनम-नई दिल्ली-विशाखापट्टनम विशेष ट्रेन 22 मई 2026 को विशाखापट्टनम से रवाना होकर 23 मई को नई दिल्ली पहुंचेगी तथा वापसी में 25 मई को नई दिल्ली से चलकर 26 मई को विशाखापट्टनम पहुंचेगी। यह ट्रेन विजयनगरम, रायगढ़ा, मुन्निगुड़ा, केसिंगा, टिटलागढ़, बाड़गढ़ रोड, संबलपुर, झारसुगुड़ा रोड, बिलासपुर, अनुपपुर, शहडोल, कटनी, सतना, प्रयागराज और गोविंदपुरी सहित कई स्टेशनों पर ठहराव करेगी।वहीं गाड़ी संख्या 08519/08520 जगदलपुर-हजरत निजामुद्दीन-जगदलपुर विशेष ट्रेन 21 मई 2026 को जगदलपुर से प्रस्थान कर 23 मई को हजरत निजामुद्दीन पहुंचेगी तथा वापसी में 25 मई को निजामुद्दीन से चलकर 26 मई को जगदलपुर पहुंचेगी। यह ट्रेन कोरापुट, रायपुर, नागपुर, रानी कमलापति, झांसी और आगरा कैंट स्टेशन पर ठहराव करेगी।रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार उपरोक्त सभी विशेष ट्रेनों में एसएलआर/डी के 2 कोच, सामान्य श्रेणी के 2 कोच तथा स्लीपर श्रेणी के 20 कोच लगाए जाएंगे। इस प्रकार प्रत्येक ट्रेन कुल 24 कोचों के साथ संचालित होगी।रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन के संशोधित ठहराव एवं समय की जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट अथवा संबंधित पूछताछ केंद्रों से अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।