प्रयागराज मंडल में अनावश्यक चेन पुलिंग पर सख्ती, 5 माह में 1359 गिरफ्तार

प्रयागराज मंडल में अनावश्यक चेन पुलिंग पर सख्ती, 5 माह में 1359 गिरफ्तार

रेल प्रशासन का अभियान जारी, मई में ही 182 लोगों पर हुई कार्रवाई

प्रयागराज। प्रयागराज मंडल में ट्रेनों के सुचारू संचालन और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रेल प्रशासन द्वारा अनावश्यक अलार्म चेन पुलिंग (एसीपी) करने वालों के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि बिना कारण चेन पुलिंग न केवल ट्रेनों की समयबद्धता को प्रभावित करती है, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा बन जाती है।रेल प्रशासन की इस सख्ती का असर भी देखने को मिला है। वर्ष 2026 में 1 जनवरी से 15 मई तक अनावश्यक चेन पुलिंग के मामलों में कुल 1359 लोगों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है। वहीं केवल मई 2026 में ही 182 लोगों को पकड़ा गया है।रेलवे द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार जनवरी 2026 में 274, फरवरी में 244, मार्च में 341, अप्रैल में 318 तथा मई में 182 लोगों को अनावश्यक चेन पुलिंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया।स्टेशनवार कार्रवाई की बात करें तो कानपुर सेंट्रल में सबसे अधिक 195 लोगों की गिरफ्तारी हुई है। इसके बाद टूंडला में 144, इटावा में 106, प्रयागराज जंक्शन में 101, नैनी में 96, अलीगढ़ में 90, फतेहपुर में 86 तथा मिर्जापुर में 80 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा फफूंद, शिकोहाबाद, प्रयागराज छिवकी, सूबेदारगंज, मानिकपुर सहित अन्य स्टेशनों पर भी लगातार कार्रवाई जारी है।रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अनावश्यक चेन पुलिंग न करें, क्योंकि यह दंडनीय अपराध है। इसमें जुर्माना और कारावास दोनों का प्रावधान है। अनावश्यक चेन पुलिंग के कारण यात्रियों को असुविधा होती है और ट्रेनों की समयबद्धता व सुरक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि प्रयागराज मंडल यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और समयबद्ध यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है तथा इसके लिए यात्रियों के सहयोग की अपेक्षा करता है।