महिला कल्याण समिति प्रयागराज मंडल द्वारा बच्चों के लिए समर कैंप आयोजित

प्रयागराज। महिला कल्याण समिति, प्रयागराज मंडल द्वारा मंगलवार को वाल वाटिका स्कूल में बच्चों के लिए विशेष समर कैंप का आयोजन किया गया। इस कैंप का उद्देश्य बच्चों के ग्रीष्मावकाश को रचनात्मक, शिक्षाप्रद एवं मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से उपयोगी बनाना रहा।

समर कैंप का शुभारम्भ महिला कल्याण समिति की अध्यक्षा वंदना अग्रवाल ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ-साथ रचनात्मक गतिविधियां भी आवश्यक हैं। ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता तथा टीम भावना को मजबूत करते हैं।

कैंप के दौरान बच्चों के लिए चित्रकला, नृत्य, संगीत, योग, खेलकूद, हस्तकला सहित कई रोचक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसके साथ ही प्रेरणादायक एवं मनोरंजक सत्रों का भी आयोजन किया गया, जिससे बच्चों में नई ऊर्जा एवं उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर महिला कल्याण समिति की उपाध्यक्षा गुलशन वारिस, उपाध्यक्षा प्रज्ञा दीपक कुमार, सचिव निहारिका सिंह, कोषाध्यक्षा अनुश्री सहित समिति की अन्य सदस्य उपस्थित रहीं। सभी ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

समर कैंप के आयोजन से रेलकर्मियों एवं उनके परिवारों में विशेष उत्साह देखा गया। महिला कल्याण समिति ने भविष्य में भी बच्चों एवं परिवारों के कल्याण हेतु ऐसे सामाजिक और रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।

अमित कुमार सिंह जनसम्पर्क अधिकारी प्रयागराज मंडल