नागपुर मंडल में ‘विश्व पर्यावरण दिवस अभियान-2026’ का शुभारंभ अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली पर्यावरण संरक्षण की शपथ, 5 जून तक चलेगा जागरूकता अभियान

नागपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल में विश्व पर्यावरण दिवस अभियान-2026 का शुभारंभ गुरुवार को किया गया। यह विशेष जागरूकता अभियान 15 मई 2026 से 05 जून 2026 तक चलाया जाएगा। अभियान की शुरुआत मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर में पर्यावरण शपथ कार्यक्रम के साथ हुई।कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता ने की। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार अभियंता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई। सभी ने पर्यावरण को सुरक्षित एवं स्वच्छ बनाए रखने, दैनिक जीवन में पर्यावरण हितैषी आदतें अपनाने और समाज में पर्यावरण जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।शपथ के दौरान कर्मचारियों ने जल संरक्षण, ऊर्जा बचत, प्लास्टिक उपयोग में कमी, स्वच्छता बनाए रखने तथा वृक्षारोपण को बढ़ावा देने की प्रतिज्ञा ली। साथ ही, उन्होंने अपने परिवार एवं समाज के अन्य लोगों को भी पर्यावरण के अनुकूल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करने का संकल्प किया।मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है और स्वच्छ एवं हरित भविष्य के लिए सभी की सामूहिक भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कर्मचारियों से अपील की कि वे पर्यावरण संरक्षण को अपने दैनिक व्यवहार का हिस्सा बनाएं।रेलवे प्रशासन द्वारा अभियान अवधि के दौरान नागपुर मंडल के विभिन्न स्टेशनों, कार्यालयों एवं रेल परिसरों में स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण कार्यक्रम, प्लास्टिक मुक्त परिसर अभियान तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।नागपुर मंडल द्वारा शुरू किया गया यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।