अलीगढ़ में झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्रों में अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान, 125 लोगों को दी गई जानकारी

अलीगढ़। जनपद में अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम और लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से 12 मई को स्कीम नंबर-15 के तहत व्यापक अग्नि सुरक्षा एवं बचाव जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान अपर पुलिस महानिदेशक, अग्निशमन तथा आपात सेवा, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के आदेश के अनुपालन में एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुकेश कुमार के दिशा-निर्देशन में संचालित किया गया।

अभियान के अंतर्गत प्रभारी अग्निशमन केंद्र बन्नादेवी, अतरौली, तालानगरी, इगलास, खैर और गभाना द्वारा जनपद के दुर्बल, निम्न आय वर्ग एवं स्लम (झोपड़पट्टी) क्षेत्रों में कुल 10 स्थानों पर चेकिंग एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान फायर सर्विस स्टाफ ने 125 लोगों को आग से बचाव के उपायों की जानकारी दी।

लीडिंग फायरमैन एवं फायरमैन द्वारा झोपड़पट्टी क्षेत्रों में आग लगने के संभावित कारणों पर विस्तृत चर्चा की गई। लोगों को बताया गया कि लकड़ी के चूल्हे की आग, कुकिंग गैस सिलेंडर (छोटे सिलेंडर सहित), ढीले विद्युत तार (लूज वायरिंग), चूल्हे से उड़ने वाली चिंगारी तथा पुराने और जर्जर पाइप व रेगुलेटर में लीकेज के कारण अक्सर गंभीर अग्निकांड हो जाते हैं।

जागरूकता अभियान के दौरान लोगों को सलाह दी गई कि भोजन पकाने का स्थान पक्का होना चाहिए, गैस सिलेंडर के पास भीगे हुए टाट के बोरे अवश्य रखें और आग लगने की स्थिति में तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दें। साथ ही पंपलेट वितरित कर उसमें दिए गए सुरक्षा बिंदुओं को समझाया गया।

अभियान में फायर वॉलिंटियर्स का भी सहयोग लिया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि इस प्रकार के अभियान आगे भी जारी रहेंगे ताकि झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्रों में आग की घटनाओं को रोका जा सके और जनहानि से बचाव हो सके।

मुकेश कुमार मुख्य अग्निशमन अधिकारी, अलीगढ़