अलीगढ़ में अग्निशमन विभाग ने चलाया जागरूकता अभियान स्कीम-15 के तहत 8 स्थानों पर 87 लोगों को आग से बचाव की दी गई जानकारी

अलीगढ़। जनपद अलीगढ़ में दिनांक 16 मई को एडीजी फायर सर्विस मुख्यालय लखनऊ एवं एसएसपी अलीगढ़ के आदेशानुसार तथा मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) मुकेश कुमार के निर्देशन में आग से बचाव को लेकर स्कीम नंबर-15 के तहत जागरूकता अभियान चलाया गया।

अभियान के अंतर्गत समस्त अग्निशमन केंद्र प्रभारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में 08 स्थानों पर फायर सर्विस स्टाफ ने 87 व्यक्तियों को झोपड़ियों में लगने वाली आग के संभावित कारणों एवं उससे बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी।

लीडिंग फायरमैन एवं फायरमैनों द्वारा झोपड़पट्टी में रहने वाले लोगों को बताया गया कि लकड़ी के चूल्हे की आग, कुकिंग गैस सिलेंडर (छोटे सिलेंडर सहित), लूज वायरिंग, चूल्हे से उड़ने वाली चिंगारी, सिलेंडर में लगे पुराने पाइप, रेगुलेटर में लीकेज जैसी वजहों से अक्सर गंभीर अग्निकांड हो जाते हैं।

जागरूकता के दौरान लोगों को सलाह दी गई कि भोजन पकाने का स्थान पक्का होना चाहिए तथा सिलेंडर के पास सुरक्षा के लिए कम से कम दो भीगे हुए टाट के बोरे अवश्य रखें। साथ ही फायर वॉलिंटियर्स का भी सहयोग लेने की अपील की गई।

अभियान के दौरान फायर सर्विस कर्मियों द्वारा पंपलेट वितरित किए गए और पंपलेट में दिए गए बिंदुओं को पढ़कर लोगों को आग से बचाव के उपाय समझाए गए।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि इस प्रकार के जागरूकता अभियान का उद्देश्य झोपड़पट्टी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को आग की घटनाओं से बचाव के प्रति सतर्क करना तथा जनहानि और संपत्ति नुकसान को रोकना है।