सीडीओ मृणाली अविनाश जोशी ने पीएम श्री कम्पोजिट विद्यालय कांठ का किया औचक निरीक्षण

सीडीओ मृणाली अविनाश जोशी ने पीएम श्री कम्पोजिट विद्यालय कांठ का किया औचक निरीक्षण

साफ-सफाई, नामांकन बढ़ाने और ICT लैब के संचालन को लेकर दिए अहम निर्देश

मुरादाबाद। मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी द्वारा विकास खण्ड छजलैट स्थित पीएम श्री कम्पोजिट विद्यालय कांठ का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय का समस्त स्टॉफ तथा सामाजिक विषय के एकेडमिक रिसोर्स पर्सन उपस्थित रहे।

निरीक्षण के समय विद्यालय में समस्त स्टॉफ उपस्थित पाया गया, हालांकि एक सहायक अध्यापक आकस्मिक अवकाश तथा एक सहायक अध्यापक अर्जित अवकाश पर थे। सीडीओ ने विद्यालय की सभी कक्षाओं में जाकर पठन-पाठन की स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया और शिक्षण कार्य की जानकारी प्राप्त की।

सीडीओ ने विद्यालय परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को भी गंभीरता से देखा। सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए उन्होंने अधिशासी अधिकारी, नगर पंचायत कांठ को आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही विद्यालय के प्रधानाध्यापक को निर्देशित किया कि सफाई कर्मियों के माध्यम से नियमित सफाई कराने हेतु एडीओ पंचायत से वार्तालाप करें।

निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने विद्यालय में नामांकन बढ़ाने के लिए भी दिशा-निर्देश दिए ताकि अधिक से अधिक बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिल सके।

इसके अलावा विद्यालय परिसर में नवनिर्मित मुख्यमंत्री अभ्युदय विद्यालय का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान संबंधित ठेकेदार को निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

सीडीओ ने विद्यालय में संचालित ICT लैब का भी अवलोकन किया और प्रधानाध्यापक को निर्देशित किया कि लैब का कुशल संचालन सुनिश्चित किया जाए।

साथ ही निपुण प्लस ऐप पर नामांकित सभी छात्र-छात्राओं का नियमित असेसमेंट कराने के निर्देश भी दिए गए, जिससे बच्चों की प्रगति का समय-समय पर मूल्यांकन हो सके।

निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और विद्यालय में आवश्यक सुधारों को शीघ्र लागू कराने पर विशेष जोर दिया।