सीएफओ डॉ. राजीव कुमार पांडेय के निर्देशन में ज्ञान प्रकाश शर्मा की टीम: धुआँ दिखे या न दिखे, अलर्ट तो पक्का रहता है!

रामगंगा विहार स्थित गोल्ड जिम में अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण, लोगों को दी गई महत्वपूर्ण जानकारी

मुरादाबाद। रामगंगा विहार स्थित गोल्ड जिम में अग्नि सुरक्षा को लेकर एक जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पांडेय के निर्देशन में आयोजित किया गया, जिसमें मुरादाबाद अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा द्वारा प्रतिभागियों को अग्नि सुरक्षा के महत्वपूर्ण उपायों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान जिम में मौजूद स्टाफ और सदस्यों को आग लगने की स्थिति में प्राथमिक बचाव, फायर एक्सटिंग्विशर के सही उपयोग, आपातकालीन निकासी प्रक्रिया तथा सुरक्षा मानकों के पालन के बारे में विस्तार से समझाया गया।

अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रमों का उद्देश्य लोगों को आपात स्थिति में सतर्क और सक्षम बनाना है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से समय रहते बचाव किया जा सके।

जिम प्रबंधन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम भविष्य में भी नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, जिससे सभी सदस्य सुरक्षित वातावरण में व्यायाम कर सकें।