अग्निशमन टीम ने दिखाया दम, कैडेट बोले- अब हम भी तैयार हैं!

टीएमयू कैंपस में एनसीसी कैडेटों को अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण, एलपीजी आग बुझाने का किया गया प्रदर्शन

मुरादाबाद। टीएमयू कैंपस में एनसीसी कैडेटों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से अग्निशमन विभाग द्वारा विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पांडेय के निर्देशानुसार संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के दौरान एफएसओ ज्ञान प्रकाश शर्मा, फायर मेन सोनू बालियान, कमलेश मिश्रा एवं अन्य कर्मचारियों ने एनसीसी कैडेटों को आग से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण में आग लगने की स्थिति में तत्काल अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों, प्राथमिक कार्रवाई तथा अग्निशमन उपकरणों के सही उपयोग के बारे में समझाया गया।

प्रशिक्षण के दौरान विशेष रूप से एलपीजी सिलेंडर से लगी आग को सुरक्षित तरीके से बुझाने का डेमोंस्ट्रेशन भी कराया गया, जिसे देखकर कैडेटों ने आग बुझाने की तकनीक को व्यवहारिक रूप से समझा।

अग्निशमन अधिकारियों ने बताया कि सतर्कता और सही जानकारी से आगजनी की घटनाओं को रोका जा सकता है। उन्होंने कैडेटों से अपील की कि वे अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन करें और आवश्यकता पड़ने पर दूसरों को भी जागरूक करें।

कार्यक्रम में एनसीसी कैडेटों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और प्रशिक्षण को उपयोगी बताया।