गोंदिया व राजनांदगांव स्टेशन पर स्वचालित विक्रय मशीन सेवा शुरू यात्रियों को अब मिलेगी त्वरित, सहज और स्वच्छ सुविधा

गोंदिया व राजनांदगांव स्टेशन पर स्वचालित विक्रय मशीन सेवा शुरू

यात्रियों को अब मिलेगी त्वरित, सहज और स्वच्छ सुविधा

नागपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल द्वारा यात्रियों की सुविधा एवं बेहतर यात्रा अनुभव को ध्यान में रखते हुए गोंदिया एवं राजनांदगांव रेलवे स्टेशन पर स्वचालित विक्रय मशीन (ऑटोमैटिक वेंडिंग मशीन) सेवा का शुभारंभ किया गया है। इस नई व्यवस्था के माध्यम से यात्रियों को स्टेशन परिसर में आवश्यक खाद्य सामग्री एवं पेय पदार्थ आसानी से उपलब्ध हो सकेंगे।

यह सुविधा मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक दिलीप सिंह के नेतृत्व में प्रारंभ की गई है। रेलवे प्रशासन का उद्देश्य यात्रियों को तेज, सरल एवं स्वच्छ सेवाएं उपलब्ध कराना है, जिससे उन्हें अपनी जरूरत की वस्तुओं के लिए अधिक इंतजार न करना पड़े।

स्वचालित विक्रय मशीन सेवा के शुरू होने से यात्रियों को स्टेशन परिसर में आत्मनिर्भर एवं सुविधाजनक खरीदारी का अनुभव मिलेगा। इसके माध्यम से यात्रियों को गुणवत्ता युक्त सामग्री निर्धारित दरों पर तुरंत उपलब्ध हो सकेगी, जिससे उनकी यात्रा और अधिक आरामदायक बनेगी।

रेल प्रशासन ने बताया कि यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। भविष्य में भी जनहित को ध्यान में रखते हुए ऐसी सुविधाओं का विस्तार अन्य स्टेशनों पर भी किया जाएगा।