नागपुर मंडल में आरपीएफ ने पकड़ा 68 किलो गांजा, कीमत 34 लाख से अधिक

नागपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल में रेलवे सुरक्षा बल ने ऑपरेशन नार्कोस के तहत मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में चार अंतर्राज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरपीएफ ने इन मामलों में कुल 68.414 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 34 लाख रुपये से अधिक बताई गई है। यह अभियान मंडल सुरक्षा आयुक्त दीप चंद्र आर्य के निर्देशन में राज्य पुलिस एवं अन्य कानून प्रवर्तन एजेंसियों के सहयोग से लगातार चलाया जा रहा है, ताकि रेलगाड़ियों के माध्यम से हो रहे अवैध परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।

पहली कार्रवाई 8 मई को की गई, जब आरपीएफ नागपुर मंडल की विशेष टीम ने गाड़ी संख्या 12880 भुवनेश्वर-एलटीटी एक्सप्रेस के जनरल कोच में सालेकसा से गोंदिया के बीच चेकिंग अभियान चलाया। जांच के दौरान दो संदिग्ध यात्रियों को रोका गया, जिनकी पहचान रॉकी कुमार निवासी गया, बिहार तथा सनातन भोई निवासी झारसुगुड़ा, उड़ीसा के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उनके दो ट्रॉली बैगों से 16.374 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब 8,18,700 रुपये आंकी गई। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद आरोपियों को जब्त माल सहित जीआरपी गोंदिया को सौंप दिया गया, जहां उनके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।

दूसरी कार्रवाई 9 मई 2026 को की गई, जब आरपीएफ मंडल टास्क टीम ने गाड़ी संख्या 12843 पुरी-अहमदाबाद एक्सप्रेस में गोंदिया से नागपुर के बीच विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान एसी कोच ए-1 में यात्रा कर रहे दो संदिग्ध यात्रियों के बैगों की जांच की गई। संदेह होने पर नागपुर स्टेशन पहुंचने पर जीआरपी के एनडीपीएस डॉग ?सिकंदर? की सहायता से तलाशी कराई गई, जिसमें बैगों में गांजा होने की पुष्टि हुई। आरोपियों की पहचान श्रीहर्ष मोहंती निवासी सूरत, गुजरात तथा सिपुन गौड़ा निवासी गंजम, उड़ीसा के रूप में हुई। उनके पास से कुल 52.04 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 26,02,000 रुपये बताई गई। साथ ही दो आईफोन, एक वनप्लस मोबाइल फोन और अन्य सामग्री भी जब्त की गई। इसके बाद आरोपियों को जब्त सामान सहित जीआरपी इतवारी के सुपुर्द कर दिया गया, जहां एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

आरपीएफ नागपुर मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि रेलवे स्टेशन, रेलगाड़ी या स्टेशन परिसर में कोई संदिग्ध व्यक्ति, संदिग्ध गतिविधि अथवा लावारिस सामान दिखाई देने पर तुरंत आरपीएफ, रेल स्टाफ, टीटीई या रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर सूचना दें, ताकि इस प्रकार की अवैध गतिविधियों पर समय रहते रोक लगाई जा सके।