ट्रेन में छूटा लाखों का बैग आरपीएफ ने खोजकर महिला को लौटाया ऑपरेशन अमानत के तहत नागपुर मंडल की सराहनीय कार्रवाई

ट्रेन में छूटा लाखों का बैग आरपीएफ ने खोजकर महिला को लौटाया

ऑपरेशन अमानत के तहत नागपुर मंडल की सराहनीय कार्रवाई

नागपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ईमानदारी और तत्परता का परिचय देते हुए ट्रेन में छूटा एक महिला यात्री का बैग खोजकर सुरक्षित वापस सौंप दिया। बैग में करीब 3,27,900 रुपये मूल्य के सोने के आभूषण व अन्य सामान मौजूद था। यह कार्रवाई आरपीएफ द्वारा ऑपरेशन अमानत के तहत की गई।

आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार, दिनांक 12 मई 2026 को गाड़ी संख्या 11201 नागपुर?शहडोल एक्सप्रेस में एक महिला यात्री नागपुर से छिंदवाड़ा तक जनरल कोच में यात्रा कर रही थीं। छिंदवाड़ा स्टेशन पर उतरते समय वह अपना बैग ट्रेन में ही भूल गईं।

स्टेशन पर तैनात आरपीएफ आरक्षक अनिरुद्ध ने जनरल कोच की जांच के दौरान उक्त लावारिस बैग बरामद किया। नियमानुसार कार्रवाई करते हुए बैग को आरपीएफ पोस्ट छिंदवाड़ा में सुरक्षित रख लिया गया।

कुछ समय बाद महिला यात्री को बैग छूटने का पता चला, जिसके बाद वह आरपीएफ पोस्ट पहुंचीं और बैग में कीमती सामान होने की जानकारी दी। आवश्यक पूछताछ और सत्यापन के बाद महिला को बैग दिखाया गया, जिसे उन्होंने तुरंत पहचान लिया।

बैग की जांच में लगभग 02 तोला सोने का एक जोड़ी कंगन और 01 तोला सोने का मंगलसूत्र सहित अन्य सामान सुरक्षित पाया गया। सभी औपचारिकताएं पूर्ण करने के बाद बैग महिला यात्री को सही सलामत सुपुर्द कर दिया गया।

महिला यात्री ने आरपीएफ अधिकारियों व कर्मचारियों की ईमानदारी और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

आरपीएफ नागपुर मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि यदि रेलगाड़ी या स्टेशन परिसर में किसी का छूटा सामान या कोई संदिग्ध वस्तु दिखाई दे, तो तुरंत आरपीएफ, जीआरपी, टीटीई या रेलवे हेल्पलाइन 139 पर सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।