मुरादाबाद में अग्निशमन कर्मियों की साप्ताहिक मॉक ड्रिल, उपकरणों की जांच व सफाई कराई गई

मुरादाबाद में अग्निशमन कर्मियों की साप्ताहिक मॉक ड्रिल, उपकरणों की जांच व सफाई कराई गई

अग्निशमन केंद्रों पर कर्मचारियों को रेस्क्यू उपकरणों के प्रयोग का दिया गया प्रशिक्षण

मुरादाबाद। अपर पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश अग्निशमन एवं आपात सेवा लखनऊ द्वारा जारी निर्देशों के क्रम में जनपद मुरादाबाद के सभी अग्निशमन केंद्रों पर शुक्रवार को साप्ताहिक मॉक ड्रिल एवं उपकरणों की क्रियाशीलता जांच का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम अग्निशमन वाहनों व उपकरणों की कार्यक्षमता बनाए रखने तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विभागीय और शारीरिक दक्षता को मजबूत करने के उद्देश्य से कराया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अपर पुलिस महानिदेशक द्वारा 21 जनवरी 2026 के माध्यम से निर्देश दिए गए थे कि माह के प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को सभी अग्निशमन केंद्रों पर मॉक ड्रिल, उपकरणों की साफ-सफाई तथा उनकी क्रियाशीलता की जांच जैसे नियमित कार्य कराए जाएं।

इसी क्रम में 15 मई को माह के तृतीय शुक्रवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार एवं मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देशन में हैलेट रोड, कटघर, ठाकुरद्वारा, कांठ और बिलारी स्थित अग्निशमन केंद्रों पर उपलब्ध समस्त अग्निशमन कर्मियों को फालिन कर साप्ताहिक ड्रिल आयोजित कराई गई।

ड्रिल के दौरान रेस्क्यू टेंडर पर उपलब्ध सभी उपकरणों के नाम, उनकी क्षमता, उपयोग की विधि तथा आग बुझाने और रेस्क्यू कार्य के समय बरती जाने वाली सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके साथ ही सभी रेस्क्यू उपकरणों की साफ-सफाई कर उन्हें टर्नआउट के लिए पूरी तरह तैयार किया गया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय ने बताया कि इस प्रकार की नियमित मॉक ड्रिल से अग्निशमन कर्मियों की कार्यकुशलता बढ़ती है तथा आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित होती है। उन्होंने बताया कि यह अभियान भविष्य में भी नियमित रूप से जारी रहेगा।