मुरादाबाद में अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान, झोपड़पट्टी क्षेत्रों में लोगों को किया गया सतर्क

मुरादाबाद में अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान, झोपड़पट्टी क्षेत्रों में लोगों को किया गया सतर्क

लकड़ी के चूल्हे व गैस सिलेंडर से होने वाली आग की घटनाओं की रोकथाम पर दिया गया जोर

मुरादाबाद। अपर पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश अग्निशमन एवं आपात सेवाएं लखनऊ के निर्देशों तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद के आदेशानुसार स्कीम नंबर-15 के अंतर्गत जनपद में अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान 10 मई 2026 से 20 मई 2026 तक संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य दुर्बल, निम्न आय वर्ग एवं स्लम (झोपड़पट्टी) क्षेत्रों में लकड़ी के चूल्हे और कुकिंग गैस सिलेंडर/छोटे सिलेंडर से होने वाली आग की घटनाओं को रोकना है।

निर्देशों के अनुपालन में शुक्रवार को मुख्य अग्निशमन अधिकारी�डॉ राजीव कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन में अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा , कटघर, ठाकुरद्वारा, कांठ और बिलारी द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में आने वाली झोपड़पट्टी एवं कमजोर वर्ग की बस्तियों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान लोगों को लकड़ी के चूल्हे से निकलने वाली आग, गैस रिसाव, सिलेंडर के सुरक्षित उपयोग तथा आग लगने की स्थिति में तत्काल बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। अग्निशमन विभाग की टीम ने लोगों को सतर्क रहने और घरेलू स्तर पर सुरक्षा उपाय अपनाने के लिए प्रेरित किया।

अग्निशमन विभाग के अनुसार जनपद मुरादाबाद में स्कीम नंबर-15 के तहत कुल 9 स्थानों पर अभियान चलाया गया, जिसमें लगभग 130 लोगों को जागरूक किया गया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. आर.के. पाण्डेय ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आगजनी की घटनाओं को रोकना तथा आमजन को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना है। उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत आगे भी विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम जारी रहेंगे।