अलीगढ़ में अग्निशमन सुरक्षा जागरूकता अभियान, 145 लोगों को किया गया जागरूक

अलीगढ़। अपर पुलिस महानिदेशक, अग्निशमन तथा आपात सेवा मुख्यालय उत्तर प्रदेश, लखनऊ के आदेश के अनुपालन में 08 मई से प्रदेशभर में अग्निशमन सुरक्षा, बचाव एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 10 मई 2026 को जनपद अलीगढ़ में स्कीम नंबर-15 (झोपड़पट्टी/स्लम बस्ती) के तहत विशेष अभियान संचालित किया गया।

इस अभियान के अंतर्गत जनपद के 10 स्थानों पर अग्निशमन सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के दौरान 145 लोगों को आग से बचाव, प्राथमिक सुरक्षा उपाय, गैस सिलेंडर के सुरक्षित उपयोग, विद्युत शॉर्ट सर्किट से बचाव तथा आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जानकारी दी गई।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि अभियान का उद्देश्य झोपड़पट्टी और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में आग लगने की घटनाओं को रोकना तथा लोगों को सतर्क और प्रशिक्षित करना है। उन्होंने यह भी कहा कि जनपद के सभी अग्निशमन केंद्रों के प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि वे नियमित रूप से ऐसे जागरूकता अभियान चलाकर आमजन को सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।

अभियान के दौरान लोगों को आग लगने की स्थिति में तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना देने और सावधानी बरतने की अपील भी की गई।