समनापुर स्टेशन यार्ड में 10 मई से शुरू होगी 25 केवी एसी विद्युत ट्रैक्शन व्यवस्था, सड़क उपयोगकर्ताओं को दी गई सुरक्षा सलाह

नागपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल अंतर्गत समनापुर स्टेशन यार्ड सेक्शन में दिनांक 10 मई 2026 से 25 केवी एसी विद्युत ट्रैक्शन प्रणाली प्रारंभ की जा रही है। इस संबंध में रेलवे प्रशासन द्वारा आम जनता एवं सड़क उपयोगकर्ताओं को आवश्यक सुरक्षा सूचना जारी की गई है।

रेलवे प्रशासन ने बताया कि समनापुर क्षेत्र के सभी समपार फाटकों (लेवल क्रॉसिंग) पर सुरक्षा की दृष्टि से ऊँचाई सूचक गेज (Height Gauge) लगाए गए हैं। इन गेजों के अनुसार सड़क स्तर से अधिकतम स्वीकृत ऊँचाई 4.78 मीटर निर्धारित की गई है, ताकि अत्यधिक ऊँचाई वाले वाहन या सामग्री विद्युत संपर्क तार के पास न पहुंच सके।

रेलवे के अनुसार समपार फाटकों पर विद्युत संपर्क तार रेल स्तर से न्यूनतम 5.5 मीटर की ऊँचाई पर स्थापित होते हैं, जिनमें 25,000 वोल्ट विद्युत प्रवाहित रहती है। ऐसे में यदि कोई ऊँचा वाहन या सामग्री तार के संपर्क में आ जाती है या बहुत नजदीक पहुंचती है, तो यह स्थिति अत्यंत खतरनाक और जानलेवा साबित हो सकती है।

रेलवे ने सभी वाहन चालकों एवं परिवहनकर्ताओं से अपील की है कि वे अपने वाहनों पर लदी सामग्री की ऊँचाई निर्धारित सीमा के भीतर रखें और किसी भी परिस्थिति में ऊँचाई गेज का उल्लंघन न करें।

रेलवे प्रशासन ने बताया कि अत्यधिक ऊँचाई वाले भार से कई प्रकार के खतरे उत्पन्न हो सकते हैं। इससे ऊँचाई गेज को नुकसान पहुंच सकता है, जिससे सड़क एवं रेल यातायात बाधित हो सकता है। इसके अलावा वाहन और सामग्री को गंभीर क्षति होने की संभावना रहती है। वहीं विद्युत तार के संपर्क या निकट आने से आग लगने और जनहानि का बड़ा खतरा भी बना रहता है।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने जनता से अपील की है कि विद्युतिकृत रेलखंडों पर यात्रा एवं आवागमन के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करें तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचें। रेलवे ने कहा कि सुरक्षा सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।