साबरमती स्टेशन पर दो मंजिला आधुनिक होल्डिंग एरिया का भूमि पूजन

साबरमती स्टेशन पर दो मंजिला आधुनिक होल्डिंग एरिया का भूमि पूजन
DRM वेद प्रकाश ने खुद चलाया बुलडोजर, 10 हजार यात्रियों की होगी क्षमता
साबरमती। यात्रियों की सुविधा और भीड़ प्रबंधन को नई दिशा देने के लिए साबरमती रेलवे स्टेशन पर दो मंजिला अत्याधुनिक होल्डिंग एरिया के निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया गया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने प्रतीकात्मक रूप से बुलडोजर चलाकर परियोजना का शुभारंभ किया।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा देशभर के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर 76 यात्री होल्डिंग एरिया विकसित करने की योजना को मंजूरी दी गई है। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर विकसित होल्डिंग एरिया की सफलता के बाद अब साबरमती स्टेशन पर भी इसी तर्ज पर आधुनिक सुविधा विकसित की जा रही है।
मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने जानकारी देते हुए बताया कि साबरमती स्टेशन का पुनर्विकास कार्य तेजी से प्रगति पर है। इसी क्रम में स्टेशन परिसर में लगभग 8000 वर्ग मीटर क्षेत्र में विशाल दो मंजिला होल्डिंग एरिया का निर्माण किया जाएगा। इसमें प्रत्येक मंजिल लगभग 4000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में विकसित होगी।
उन्होंने बताया कि इस होल्डिंग एरिया में 8,000 से 10,000 यात्रियों के ठहरने की क्षमता होगी। इससे होली, दीपावली, छठ पर्व, खाटूश्याम एवं अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने में सहायता मिलेगी और यात्रियों की आवाजाही सुगम हो सकेगी।
रेलवे के अनुसार इस आधुनिक होल्डिंग एरिया में यात्रियों के लिए आरामदायक बैठने की व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, जलपान केंद्र, तथा पुरुष, महिला एवं दिव्यांगजनों के लिए अलग शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए टिकट जांच मार्ग पर आधुनिक लगेज स्कैनर एवं प्रतिबंधित सामान की पहचान करने वाले विशेष उपकरण लगाए जाएंगे। साथ ही प्लेटफॉर्म एवं रूफ प्लाजा तक सुगम पहुंच के लिए पर्याप्त संख्या में लिफ्ट, एस्केलेटर एवं सीढ़ियां भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
इसके अतिरिक्त एक नए फुट ओवरब्रिज (एफओबी) का भी निर्माण किया जा रहा है, जिसकी कनेक्टिविटी सीधे होल्डिंग एरिया से होगी, जिससे यात्रियों को आवागमन में और अधिक सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम में मुख्य परियोजना प्रबंधक (RLDA) संजीव कुमार, डीजीएम (RLDA) अर्पण अवस्थी, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अन्नू त्यागी, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) वैभव सकलेचा, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त अंशुमान त्रिपाठी सहित रेलवे एवं RLDA के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।