अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस पर मंडलीय रेलवे अस्पताल साबरमती में रक्तदान शिविर आयोजित

अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस पर मंडलीय रेलवे अस्पताल साबरमती में रक्तदान शिविर आयोजित

43 यूनिट रक्त संग्रह, दो नर्सों को बेस्ट नर्स पुरस्कार से किया सम्मानित

साबरमती। अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस के अवसर पर 12 मई को मंडलीय रेलवे अस्पताल, साबरमती में सर्वोदय ब्लड बैंक के सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अस्पताल परिसर में उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. भानुमति शेखर, सहायक मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (प्रशासन) तथा वरिष्ठ एवं कनिष्ठ नर्सिंग स्टाफ द्वारा दीप प्रज्वलन कर एवं फ्लोरेंस नाइटिंगेल के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।

रक्तदान शिविर में अस्पताल कर्मचारियों और रक्तदाताओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। शिविर के दौरान कुल 43 यूनिट रक्त सफलतापूर्वक एकत्रित किया गया, जिसे जरूरतमंद मरीजों के लिए उपयोग में लाया जाएगा।

इस अवसर पर शीघ्र सेवानिवृत्त होने जा रही श्रीमती मिनाक्षी परमार एवं श्रीमती शर्मिष्ठा को अस्पताल में उनके समर्पित सेवाभाव एवं उत्कृष्ट योगदान के लिए बेस्ट नर्स पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मंडलीय रेलवे अस्पताल साबरमती के सभी नर्सिंग कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समारोह के पश्चात पुरस्कार वितरण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। पुरस्कारों का वितरण सहायक नर्सिंग अधिकारी जेबा रहमान शेख द्वारा किया गया।

कार्यक्रम का समापन नर्सिंग स्टाफ के अमूल्य योगदान के प्रति सम्मान, टीम भावना और सकारात्मक संदेश के साथ हुआ।