भारत स्काउट एंड गाइड द्वारा बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर जल वितरण सेवा का शुभारंभ

बिलासपुर। ग्रीष्म ऋतु की भीषण गर्मी में यात्रियों को राहत पहुंचाने तथा सेवा भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल के भारत स्काउट एंड गाइड द्वारा 26 अप्रैल को बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर जल वितरण सेवा का शुभारंभ किया गया।

इस सेवा का शुभारंभ सीनियर डीसीएम एवं जिला आयुक्त स्काउट अनुराग कुमार सिंह के मार्गदर्शन में किया गया। यात्रियों को स्टेशन परिसर में स्वच्छ एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराया गया। कार्यक्रम में जिला आयुक्त रोवर श्री यू. एस. एस. राव की विशेष उपस्थिति रही।

इस सेवा अभियान में स्काउट-गाइड, रोवर-रेंजर सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अनुशासन, समर्पण एवं सेवा भावना का परिचय दिया। कार्यक्रम का सफल संचालन राज्य संगठन आयुक्त (स्काउट) दिलीप कुमार स्वाईं, जिला सचिव संजय मेश्राम तथा सहायक जिला संगठन आयुक्त जी. लोकेश राव के नेतृत्व में किया गया।

सीनियर डीसीएम अनुराग कुमार सिंह ने कहा कि इस प्रकार के सेवा कार्य समाज में सहयोग एवं मानवीय मूल्यों को मजबूत करते हैं। उन्होंने बताया कि यह जल वितरण सेवा ग्रीष्मकाल भर जारी रहेगी, जिससे यात्रियों को निरंतर ठंडे पेयजल की सुविधा मिलती रहेगी।

रेल प्रशासन एवं यात्रियों ने स्काउट एंड गाइड के इस सेवा कार्य की सराहना की है।