नागपुर मंडल की पहल: भीषण गर्मी में यात्रियों को बांटी गई ठंडी छाछ, जनरल कोच यात्रियों को मिली राहत

नागपुर। भीषण गर्मी के दौरान यात्रियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल द्वारा एक सराहनीय पहल करते हुए गोंदिया, राजनांदगांव एवं नेताजी सुभाष चन्द्र बोस इतवारी रेलवे स्टेशन पर विशेष छाछ वितरण अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत जनरल कोच में यात्रा कर रहे यात्रियों को ठंडी छाछ वितरित की गई, जिससे उन्हें यात्रा के दौरान ताजगी और राहत का अनुभव हो सके।

जानकारी के अनुसार गोंदिया स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक 3 पर ट्रेन संख्या 18030 शालीमार एक्सप्रेस, पुरी-अहमदाबाद एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनों के जनरल कोच यात्रियों को छाछ वितरित की गई। इसी प्रकार राजनांदगांव एवं नेताजी सुभाष चन्द्र बोस इतवारी स्टेशन पर भी यात्रियों के बीच ठंडी छाछ का वितरण किया गया। वहीं नागभीड़ स्टेशन पर पैसेंजर ट्रेनों के यात्रियों को पानी वितरित कर राहत प्रदान की गई।

रेलवे द्वारा किए गए इस प्रयास को यात्रियों ने अत्यंत सराहा और इसे गर्मी के मौसम में जनहितकारी एवं उपयोगी पहल बताया।

यह अभियान मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक दिलीप सिंह के निर्देशन में सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। कार्यक्रम के दौरान रेलवे स्टाफ एवं स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए छाछ वितरण कार्य को व्यवस्थित रूप से पूरा किया।

रेलवे प्रशासन ने बताया कि यात्रियों की सुविधा और कल्याण को ध्यान में रखते हुए इस प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित किए जाते हैं, ताकि यात्रियों को यात्रा के दौरान बेहतर और सुखद अनुभव मिल सके।