प्रयागराज-दादरी विशेष ट्रेन को भरवारी और बिंदकी रोड पर मिला अतिरिक्त ठहराव

प्रयागराज। रेल प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए गाड़ी संख्या 02417/02418 प्रयागराज-दादरी-प्रयागराज विशेष गाड़ी (प्रतिदिन) को दो अतिरिक्त स्टेशनों पर ठहराव देने का निर्णय लिया है। यह अतिरिक्त ठहराव 12 मई 2026 से प्रभावी होगा, जिससे भरवारी और बिंदकी रोड क्षेत्र के यात्रियों को सीधी ट्रेन सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार गाड़ी संख्या 02417 प्रयागराज से दादरी के बीच यात्रा के दौरान भरवारी स्टेशन पर रात 20:30 बजे पहुंचेगी और 20:32 बजे प्रस्थान करेगी। वहीं यह ट्रेन बिंदकी रोड स्टेशन पर 22:15 बजे पहुंचेगी तथा 22:17 बजे रवाना होगी। यह व्यवस्था 12 मई 2026 से 31 जुलाई 2026 तक लागू रहेगी।

इसी प्रकार वापसी में गाड़ी संख्या 02418 दादरी से प्रयागराज के बीच बिंदकी रोड स्टेशन पर सुबह 05:40 बजे पहुंचेगी और 05:42 बजे प्रस्थान करेगी। इसके बाद यह ट्रेन भरवारी स्टेशन पर 07:35 बजे पहुंचेगी और 07:37 बजे रवाना होगी। यह अतिरिक्त ठहराव 12 मई 2026 से 01 अगस्त 2026 तक प्रभावी रहेगा।

रेल प्रशासन ने बताया कि इन अतिरिक्त ठहरावों से यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्रीय यात्रियों को बेहतर रेल सेवा उपलब्ध हो सकेगी। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पूर्व ट्रेन का समय एवं ठहराव की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।