जोधपुर स्टेशन पर नवीनीकृत जीआरपी थाना भवन का उद्घाटन

जोधपुर। रेलवे यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में जोधपुर रेलवे स्टेशन पर सोमवार को एक अहम कदम उठाया गया। स्टेशन परिसर में स्थित राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) थाने के नवीनीकृत भवन का उद्घाटन उत्तर पश्चिम रेलवे जोधपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने फीता काटकर किया। उद्घाटन कार्यक्रम में रेलवे, जीआरपी और आरपीएफ के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

जानकारी के अनुसार स्टेशन पुनर्विकास कार्य के चलते जीआरपी थाना अब आरएमएस की नवीनीकृत बिल्डिंग में स्थानांतरित कर दिया गया है। डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने नवीनीकृत भवन का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध कराई गई आधुनिक सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि यह भवन आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है, जिससे जीआरपी अधिकारियों एवं जवानों को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा और स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी ढंग से लागू किया जा सकेगा।

डीआरएम ने कहा कि रेलवे स्टेशन पर प्रतिदिन हजारों यात्रियों का आवागमन होता है। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियों के पास मजबूत आधारभूत सुविधाएं होना जरूरी है, ताकि यात्रियों को समय पर सहायता मिल सके और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जवानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भवन में वातानुकूलित डोरमेट्री सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

जीआरपी थानाधिकारी मुक्ता पारीक ने बताया कि नवीनीकृत भवन में पुलिस कर्मियों के लिए बेहतर कार्य सुविधाएं विकसित की गई हैं। कार्यालय कक्षों का आधुनिकीकरण किया गया है, शिकायत दर्ज करने, रिकॉर्ड संधारण और बैठक व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित बनाया गया है। इसके साथ ही आधुनिक फर्नीचर, प्रतीक्षालय, पेयजल और स्वच्छता सुविधाओं का भी विस्तार किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक संचार संसाधनों एवं तकनीकी उपकरणों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कहा कि जोधपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की संख्या अधिक होने के कारण यह नवीनीकृत भवन सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने में काफी सहायक सिद्ध होगा तथा इसे आदर्श जीआरपी थाना बनाने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम के प्रारंभ में जीआरपी पुलिस अधीक्षक केवलराम ने डीआरएम का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। उद्घाटन के बाद आयोजित हवन कार्यक्रम में डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने मंत्रोच्चार के बीच आहुतियां भी दीं।

इस अवसर पर मुख्य कारखाना प्रबंधक रवि मीणा, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) मनोहर सिंह, उप मुख्य अभियंता निर्माण अभिमन्यु आर्य, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जीआरपी राहुल यादव, मंडल सुरक्षा आयुक्त (आरपीएफ) चंद्रप्रकाश मिर्धा सहित रेलवे एवं जीआरपी के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।