फलौदी-जैसलमेर रेलखंड अपग्रेड, अब मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों की रफ्तार होगी 110 किमी प्रति घंटा

फलौदी-जैसलमेर रेलखंड अपग्रेड, अब मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों की रफ्तार होगी 110 किमी प्रति घंटा

यात्रियों का समय बचेगा, पर्यटन व धार्मिक यात्रा को मिलेगा बढ़ावा

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल अंतर्गत फलौदी-जैसलमेर रेलखंड को आधुनिक मानकों के अनुसार अपग्रेड कर दिया गया है। इस महत्वपूर्ण कार्य के पूरा होने के बाद अब इस मार्ग पर मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों की अधिकतम गति सीमा को 100 किलोमीटर प्रति घंटा से बढ़ाकर 110 किलोमीटर प्रति घंटा करने की स्वीकृति प्रदान की गई है। इससे रेल संचालन तेज होगा और यात्रियों की यात्रा अधिक सुविधाजनक बन सकेगी।

फलौदी से जैसलमेर के बीच लगभग 156 किलोमीटर लंबे रेलमार्ग में ट्रैक, विद्युतीकरण और सिगनल प्रणाली को उन्नत किया गया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस अपग्रेडेशन से केवल गति सीमा में ही वृद्धि नहीं होगी, बल्कि रेल संरक्षा भी पहले की तुलना में और अधिक मजबूत होगी।

रेलवे प्रशासन का कहना है कि इस सुधार से ट्रेनों के संचालन में तेजी आएगी और यात्रियों का यात्रा समय घटेगा। खासतौर पर जैसलमेर में पर्यटन के लिए आने वाले यात्रियों तथा रामदेवरा में धार्मिक यात्रा के उद्देश्य से यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

उत्तर पश्चिम रेलवे की यह पहल क्षेत्र में रेल परिवहन को अधिक आधुनिक, सुरक्षित और तेज बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इससे न केवल यात्रियों की सुविधा बढ़ेगी, बल्कि पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नया प्रोत्साहन मिलेगा।