भगत की कोठी डीजल शेड में नवीनीकृत कैंटीन का उद्घाटन, कर्मचारियों को मिलेगा स्वच्छ व किफायती भोजन

जोधपुर। भगत की कोठी डीजल शेड में कर्मचारियों को बेहतर, स्वच्छ और किफायती भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नवीनीकृत कैंटीन का गुरुवार को उद्घाटन किया गया। कैंटीन का उद्घाटन वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (डीजल) राजकुमार शर्मा द्वारा किया गया।

डीआरएम अनुराग त्रिपाठी के निर्देश पर भगत की कोठी डीजल शेड में कैंटीन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नई व्यवस्था लागू की गई है। इसके तहत कैंटीन में साफ-सफाई, आरओ वाटर सप्लाई, भोजन की गुणवत्ता तथा मेन्यू में विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। कर्मचारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कैंटीन में रंग-रोगन कराया गया है, नए कूलर लगाए गए हैं तथा बेहतर संचालन के लिए नए कैंटीन व्यवस्थापक की नियुक्ति भी की गई है।

कर्मचारी लंबे समय से कैंटीन की गुणवत्ता सुधार की मांग कर रहे थे, जिस पर कैंटीन कमेटी द्वारा अब नई व्यवस्था लागू की गई है। अपर मंडल रेल प्रबंधक ने कैंटीन समिति को खाद्य सामग्री की गुणवत्ता पर निरंतर निगरानी रखने के निर्देश भी दिए हैं।

कैंटीन कमेटी इंचार्ज मंडल बिजली इंजीनियर (रोलिंग स्टॉक) विकास ने बताया कि नई व्यवस्था का उद्देश्य कर्मचारियों को उचित दरों पर गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना है, ताकि कर्मचारियों को कार्यस्थल पर बेहतर सुविधा मिल सके।

उद्घाटन कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर मंडल बिजली इंजीनियर हर्षित कुमार सिंह, मंडल यांत्रिक इंजीनियर चंद्रमोहन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में डीजल शेड के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अंत में प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।