विश्व अस्थमा दिवस पर जोधपुर मंडल रेलवे अस्पताल में जागरूकता कार्यक्रम

विश्व अस्थमा दिवस पर जोधपुर मंडल रेलवे अस्पताल में जागरूकता कार्यक्रम

ब्रीदिंग एक्सरसाइज व प्राणायाम से अस्थमा नियंत्रण के बताए उपाय

जोधपुर। विश्व अस्थमा दिवस के अवसर पर जोधपुर मंडल रेलवे अस्पताल द्वारा रेलवे कर्मचारियों एवं उनके परिजनों के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अस्थमा जैसी श्वसन संबंधी बीमारी के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा इसके प्रभावी और दीर्घकालीन नियंत्रण के उपायों की जानकारी देना था।

रेलवे अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एस.आर. बुनकर ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों को नॉन-मेडिकल अस्थमा मैनेजमेंट के अंतर्गत विभिन्न ब्रीदिंग एक्सरसाइज और प्राणायाम का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए श्वसन क्षमता बढ़ाने वाले अभ्यास किए।

इस अवसर पर मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. आयुष गहलोत ने कहा कि अस्थमा केवल दवाइयों से ही नहीं, बल्कि नियमित जीवनशैली, श्वसन व्यायाम और मानसिक तनाव नियंत्रण से भी काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने भ्रामरी प्राणायाम एवं अनुलोम-विलोम का अभ्यास करवाते हुए इनके महत्व पर प्रकाश डाला।

डॉ. गहलोत ने बताया कि ये अभ्यास फेफड़ों की कार्यक्षमता बढ़ाने, श्वसन मार्ग को शांत रखने तथा तनाव कम करने में अत्यंत लाभकारी हैं। उन्होंने कहा कि नियमित प्राणायाम अपनाने से अस्थमा रोगियों को सांस लेने में तकलीफ, घबराहट और बार-बार होने वाले अटैक की समस्या में राहत मिल सकती है।

कार्यक्रम के अंत में कर्मचारियों ने रेलवे अस्पताल की इस स्वास्थ्य जागरूकता पहल की सराहना करते हुए इसे उपयोगी, प्रेरणादायक एवं जनहितकारी बताया।

चिकित्सकों ने कर्मचारियों को धूम्रपान से बचने, धूल एवं प्रदूषण से दूरी बनाए रखने, नियमित व्यायाम करने तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच करवाने की सलाह भी दी।