नागपुर मंडल की पहल: “जनता खाना” स्टॉल से जनरल कोच यात्रियों को मिलेगा सस्ता और स्वच्छ भोजन

नागपुर। रेल यात्रियों की सुविधा और जनरल कोच में यात्रा करने वाले यात्रियों को राहत देने के उद्देश्य से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल द्वारा एक सराहनीय पहल की गई है। मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर ?जनता खाना? स्टॉल की व्यवस्था शुरू की गई है, जहां यात्रियों को किफायती दरों पर स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।

रेलवे प्रशासन द्वारा बताया गया कि नागभीड़, राजनांदगांव, गोंदिया, नेताजी सुभाष चन्द्र बोस इतवारी एवं छिंदवाड़ा सहित कई महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशनों पर ये स्टॉल लगाए गए हैं। विशेष रूप से यह स्टॉल प्लेटफॉर्म पर ट्रेनों के जनरल कोच के सामने लगाए जा रहे हैं, ताकि सामान्य श्रेणी के यात्रियों को आसानी से भोजन मिल सके।

जनता खाना स्टॉल के माध्यम से यात्रियों को कम कीमत में भोजन के विकल्प उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके अंतर्गत ₹20 में 7 पूड़ी, सूखी आलू की सब्जी और अचार, ₹20 में लेमन राइस और अचार, जबकि ₹14 में 1 लीटर पानी की बोतल उपलब्ध कराई जा रही है।

यह पहल मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक दिलीप सिंह के मार्गदर्शन में शुरू की गई है। अधिकारियों ने बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य आम यात्रियों को यात्रा के दौरान सस्ता, ताजा और सुलभ भोजन उपलब्ध कराना है, जिससे उनकी यात्रा अधिक सुविधाजनक बन सके।

रेलवे प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और उचित मात्रा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल की यह पहल यात्रियों के लिए राहत भरी साबित हो रही है और रेलवे की यात्री-हितैषी एवं संवेदनशील छवि को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।