मां वैष्णो देवी यात्रा में बढ़ा उत्साह, मौसम ने बढ़ाई श्रद्धालुओं की भीड़

कटड़ा। त्रिकुटा पर्वत पर स्थित मां वैष्णो देवी के पावन दरबार में श्रद्धालुओं की आस्था का सैलाब लगातार उमड़ रहा है। वीरवार को मौसम सुहावना रहने के कारण यात्रा में और अधिक उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही कटड़ा के पंजीकरण केंद्रों पर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं और जय माता दी के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

श्रद्धालु आरएफआईडी कार्ड बनवाकर अनुशासित ढंग से भवन की ओर प्रस्थान करते रहे। शाम पांच बजे तक लगभग 16 हजार श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन के लिए यात्रा शुरू की, जिससे पूरे यात्रा मार्ग पर श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना रहा।

श्राइन बोर्ड और प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था और अन्य सुविधाओं की लगातार निगरानी की जा रही है। यात्रा मार्ग पर तैनात सुरक्षा बलों के जवान और संबंधित विभागों के कर्मचारी श्रद्धालुओं को हर कदम पर मार्गदर्शन और सहयोग प्रदान कर रहे हैं।

यात्रा को आरामदायक और सुरक्षित बनाने के लिए विश्राम स्थलों पर सुविधाओं को बेहतर तरीके से संचालित किया जा रहा है। साथ ही मेडिकल यूनिट, आपातकालीन सेवाएं और प्राथमिक उपचार केंद्रों पर भी पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, जिससे किसी भी स्थिति में श्रद्धालुओं को तुरंत सहायता मिल सके।

भीड़ प्रबंधन को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और यात्रा को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष योजना के तहत व्यवस्थाएं लागू की गई हैं। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे केवल अधिकृत पंजीकरण के बाद ही यात्रा प्रारंभ करें और यात्रा नियमों का पालन करते हुए दर्शन करें।

मां वैष्णो देवी धाम में बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या यह दर्शाती है कि देशभर से भक्तों की आस्था लगातार मां के चरणों में उमड़ रही है। सुहाने मौसम के बीच यात्रा का यह दृश्य हर श्रद्धालु के लिए यादगार बन रहा.