वैष्णो देवी के दर्शन को पहुंचीं सिंगर तुलसी कुमार, पिता गुलशन कुमार के भंडारे में की सेवा

कटरा। प्रसिद्ध गायिका तुलसी कुमार हाल ही में माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए कटरा पहुंचीं। इस यात्रा की खास बात यह रही कि उन्होंने अपने पिता स्वर्गीय गुलशन कुमार द्वारा वर्षों पहले शुरू किए गए भंडारे में स्वयं सेवा कर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया।

तुलसी कुमार ने इस दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर साझा किया है, जिसमें वह अपने बेटे के साथ श्रद्धालुओं को प्रसाद बांटती नजर आ रही हैं। वीडियो के साथ उन्होंने भावुक संदेश लिखते हुए बताया कि कटरा में माता वैष्णो देवी के लिए उनके पिता द्वारा करीब 43 वर्ष पहले शुरू किया गया लंगर आज भी उसी श्रद्धा, सेवा और निःस्वार्थ भावना के साथ लगातार चल रहा है।

तुलसी कुमार ने लिखा कि यह सेवा परंपरा आज भी जारी है और पिता द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलते हुए उनके मन में केवल आभार की भावना है।

गौरतलब है कि टी-सीरीज के संस्थापक गुलशन कुमार माता वैष्णो देवी के बड़े भक्त थे। उन्होंने कटरा में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भंडारे की शुरुआत की थी, जो आज भी यात्रियों के लिए बड़ा सहारा बना हुआ है। पिता के निधन के बाद भी उनके परिवार ने इस सेवा कार्य को जारी रखा है।

बताया जाता है कि गुलशन कुमार ने वैष्णो देवी आने वाले भक्तों की सुविधाओं के लिए कई कार्य करवाए थे। उनकी श्रद्धा और सेवा भावना को लेकर यह भंडारा आज भी लाखों श्रद्धालुओं के लिए भोजन और प्रसाद का माध्यम बना हुआ है।

तुलसी कुमार की यह पहल श्रद्धा, सेवा और पारिवारिक परंपरा को आगे बढ़ाने का संदेश देती है।