समदड़ी-लूनी रेलखंड पर आरयूबी निर्माण कार्य, कई रेलसेवाएं रद्द व प्रभावित रहेंगी

उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा समदड़ी-लूनी रेलखंड पर रेल संरक्षा एवं यातायात सुविधा को बेहतर बनाने के उद्देश्य से आरयूबी (रेलवे अंडर ब्रिज) निर्माण कार्य किया जा रहा है। यह कार्य दुदिया-दुदाड़ा स्टेशनों के मध्य स्थित समपार फाटक संख्या 231, 236, 239, 227 व 226 पर किया जाएगा, जिसके लिए रेलवे द्वारा ब्लॉक लिया जा रहा है। इस कारण आगामी दिनों में रेल यातायात प्रभावित रहेगा तथा कई ट्रेनों को रद्द, रेगुलेट एवं रीशड्यूल किया गया है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कुछ रेलसेवाओं का संचालन अस्थायी रूप से बाधित रहेगा।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गाड़ी संख्या 14893 भगत की कोठी-पालनपुर रेलसेवा दिनांक 10 मई, 17 मई, 22 मई, 29 मई, 07 जून और 14 जून 2026 को रद्द रहेगी। वहीं गाड़ी संख्या 14894 पालनपुर-भगत की कोठी रेलसेवा दिनांक 11 मई, 18 मई, 23 मई, 30 मई, 08 जून और 15 जून 2026 को रद्द रहेगी। इसके अतिरिक्त गाड़ी संख्या 74841 भगत की कोठी-भीलडी तथा गाड़ी संख्या 74842 भीलडी-भगत की कोठी रेलसेवाएं दिनांक 17 मई और 29 मई 2026 को रद्द रहेंगी।

रेलवे द्वारा कुछ ट्रेनों को रेगुलेट भी किया गया है। गाड़ी संख्या 20491 जैसलमेर-साबरमती एक्सप्रेस दिनांक 29 मई और 14 जून 2026 को जोधपुर-लूनी के मध्य 30 मिनट तथा दिनांक 17 मई 2026 को जोधपुर-लूनी के मध्य 45 मिनट रेगुलेट रहेगी।

इसके अलावा कुछ रेलसेवाओं को निर्धारित समय से विलंब से चलाया जाएगा। गाड़ी संख्या 74842 भीलडी-भगत की कोठी रेलसेवा दिनांक 10 मई, 22 मई और 14 जून 2026 को भीलडी से अपने निर्धारित समय से 01 घंटे देरी से प्रस्थान करेगी। वहीं गाड़ी संख्या 54814 बाड़मेर-जोधपुर रेलसेवा दिनांक 10 मई और 14 जून 2026 को बाड़मेर से 01 घंटे देरी से रवाना होगी।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पूर्व ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें तथा असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करें। रेलवे ने निर्माण कार्य के दौरान सहयोग के लिए यात्रियों का आभार भी व्यक्त किया है।