उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय पर संरक्षा एवं कार्य समीक्षा बैठक आयोजित, महाप्रबंधक अमिताभ ने दिए अहम निर्देश

उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय पर संरक्षा एवं कार्य समीक्षा बैठक आयोजित, महाप्रबंधक अमिताभ ने दिए अहम निर्देश

उत्कृष्ट कार्य करने वाले रेलकर्मियों को किया गया सम्मानित

जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय में बुधवार को संरक्षा एवं कार्य समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ ने की। इस बैठक में मुख्यालय के सभी विभागाध्यक्ष, चारों मंडलों के मंडल रेल प्रबंधक (वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से) तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान रेलवे की संरक्षा व्यवस्था, कार्य निष्पादन, निर्माण परियोजनाओं, पूंजीगत आय, रेलवे ट्रैक की फेसिंग, समपार फाटकों को बंद करने, यात्री सुविधाओं के विस्तार तथा राजस्व बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

महाप्रबंधक अमिताभ ने अपने संबोधन में कहा कि इस वित्तीय वर्ष में अब तक उत्तर पश्चिम रेलवे का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समन्वय और सामंजस्य के साथ कार्य करते हुए सभी योजनाओं को निर्धारित लक्ष्य के अनुसार समय पर पूरा किया जाए।

उन्होंने निर्माण परियोजनाओं एवं यात्री सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही महाप्रबंधक ने संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सतर्कता एवं सजगता से कार्य करने की अपील की।

गर्मी के मौसम को देखते हुए उन्होंने ट्रैक पेट्रोलिंग को प्रभावी बनाने के साथ-साथ विद्युत एवं सिग्नल उपकरणों की विशेष निगरानी तथा समुचित मेंटेनेंस के निर्देश भी दिए। महाप्रबंधक ने विभागाध्यक्षों को नियमित निरीक्षण करने तथा अधीनस्थ कर्मचारियों की समय-समय पर काउंसलिंग कर संरक्षा अभियान चलाने को कहा।

बैठक के दौरान रेल संरक्षा में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कर्मचारियों को महाप्रबंधक अमिताभ द्वारा पुरस्कृत एवं सम्मानित भी किया गया।

अजमेर मंडल के मुकेश कुमार सी. (लोको पायलट-गुड्स) ने 01 अप्रैल 2026 को हटूंडी स्टेशन पर सिग्नल फेल होने के दौरान ट्रेन संख्या 20989 को इमरजेंसी ब्रेक लगाकर संभावित दुर्घटना को टालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

जोधपुर मंडल के दिनेश मेघवाल (लोको पायलट) ने 03 मार्च 2026 को डीएफसी सेक्शन में वैगन को अनफिट फॉर रन पाए जाने पर समय रहते सूचना देकर वैगन को गाड़ी से अलग करवाया और बड़ा हादसा होने से बचाया।

बीकानेर मंडल के सुमेर सिंह (ट्रैक मेंटेनर, हनुमानगढ़) ने 04 मई 2026 को रंगमहल-सूरतगढ़ के मध्य टंग रेल में फ्रेक्चर देखकर तुरंत ट्रैक बचाव कर अधिकारियों को सूचित किया। वहीं चूरू के मुबारक अली (सहायक एस एंड टी) ने 06 अप्रैल 2026 को निरीक्षण के दौरान रेल फ्रेक्चर की सूचना देकर संभावित दुर्घटना को टालने में अहम भूमिका निभाई।

महाप्रबंधक अमिताभ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग निर्धारित लक्ष्यों के अनुसार कार्य निष्पादन सुनिश्चित करें ताकि रेल यात्रियों को समय पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि मुख्यालय स्तर से स्वीकृत कार्यों के निष्पादन में पूरा सहयोग प्रदान किया जाएगा।

उत्तर पश्चिम रेलवे की यह बैठक संरक्षित रेल संचालन और यात्री सुविधाओं के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।